Lucknow News: उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कानून व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। प्रदेश सरकार ने देवीपाटन और कानपुर रेंज के डीआईजी समेत छह सीनियर आईपीएस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
शासन द्वारा जारी नई सूची के अनुसार, सीआईडी में तैनात डीआईजी अशोक कुमार-4 को अब देवीपाटन परिक्षेत्र का नया डीआईजी नियुक्त किया गया है। वहीं पीटीएस मुरादाबाद में तैनात डीआईजी यमुना प्रसाद को कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी पद की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आगरा कमिश्नरेट में मिली नई तैनाती
इसके साथ ही भ्रष्टाचार निवारण संगठन के डीआईजी सचिन्द्र पटेल को आगरा पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है। दूसरी तरफ, कानपुर परिक्षेत्र में तैनात डीआईजी हरीश चन्दर को अब भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ में डीआईजी के पद पर भेज दिया गया है।
काफी समय से प्रतीक्षारत चल रहे वरिष्ठ अधिकारी रवि शंकर छवि को भी नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें पुलिस महानिदेशालय में आईजी लोक शिकायत के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है। सरकार के इस बड़े कदम से कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Author: Ajay Mishra


