कौशांबी में सजने जा रही बुद्ध की पावन नगरी, थीम पार्क और म्यूजियम के लिए सरकार ने खोला खजाना

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश सरकार ने बौद्ध अनुयायियों और वैश्विक पर्यटकों को लुभाने के लिए ऐतिहासिक कौशांबी जिले को बौद्ध सर्किट से जोड़ दिया है। इसके तहत कोसम इनाम क्षेत्र में बौद्ध थीम पार्क, टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर, भव्य गेट कांप्लेक्स और एक नए अत्याधुनिक संग्रहालय का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।

तथागत की स्मृतियों को संजोने के लिए करोड़ों का बजट

भगवान गौतम बुद्ध ने कौशांबी के इसी पावन स्थल पर अपना प्रसिद्ध चौमासा बिताया था। पर्यटन विभाग ने तथागत से जुड़ी स्मृतियों को एक ही जगह सुरक्षित करने के लिए 13 हेक्टेयर भूमि खरीदी है। जलनिगम की सीएंडडीएस इकाई 27.63 करोड़ रुपये की भारी लागत से इस भव्य संग्रहालय का निर्माण कर रही है।

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर और थीम पार्क बना रहा है। विभाग ने इस साल दिसंबर तक इन तीनों बड़ी परियोजनाओं को पूरा करने का कड़ा लक्ष्य रखा है। हालांकि अधिकारी इन्हें अक्टूबर तक ही पूरा कराने की कोशिश में जुटे हैं।

जानिए क्या होता है इस केंद्र में खास

प्रशासन ने यहां एक आधुनिक विपश्यना यानी ध्यान केंद्र के निर्माण का नया प्रस्ताव भी शासन को भेजा है। सीएंडडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर अनुभव गुप्ता ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देखेंगे। मुख्यमंत्री की हरी झंडी और फाइनल मंजूरी मिलने के बाद इसकी विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तुरंत भेजी जाएगी।

इस विपश्यना केंद्र में साधकों के लिए 10 दिनों का एक विशेष ध्यान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी लोगों को बाहरी दुनिया से अलग होकर पूरी तरह मौन रहना होता है। यहां सुबह चार बजे से रात नौ बजे तक कड़ी दिनचर्या के बीच रोजाना 11 घंटे तक गहन ध्यान कराया जाता है।

Author: Ajay Mishra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories