Rajasthan News: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के हजारों रिक्त पदों को भरने के लिए बंपर भर्ती निकाली है। इस बड़ी वैकेंसी के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज यानी 25 मई से आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है।
योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इस सरकारी नौकरी के लिए 23 जून तक अपना फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि ऑफलाइन माध्यम या अन्य किसी तरीके से भेजे गए आवेदन फॉर्म किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
जानिए पदों का पूरा विवरण और कैटेगरी वाइज सीटें
इस बड़े भर्ती अभियान के माध्यम से प्रदेश में कुल 3951 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक के लिए 300 पद और बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक के लिए 3415 पद आरक्षित रखे गए हैं।
इसके अलावा संस्कृत शिक्षा विभाग के तहत भी युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। विभाग में वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक के 22 पदों पर भर्ती होगी। वहीं बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक के 214 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों की सीधी नियुक्तियां की जाएंगी।
भर्ती के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इस तकनीकी भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों के पास पदानुसार बीई, एमई, एमटेक या ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा ‘A’ लेवल सर्टिफिकेट, पीजीडीसीए या संबंधित कंप्यूटर क्षेत्र में उच्च डिग्री प्राप्त युवा भी आवेदन के पात्र हैं।
बोर्ड ने आवेदकों के लिए आयु सीमा भी तय की है। 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर अभ्यर्थी की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष होनी चाहिए। वहीं अधिकतम उम्र 40 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के युवाओं को ऊपरी आयु में छूट मिलेगी।
एसएसओ पोर्टल से ऐसे करें आसानी से ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद होमपेज पर उपलब्ध रिक्रूटमेंट एडवर्टीजमेंट लिंक पर क्लिक करना होगा। अभ्यर्थी सीधे sso.rajasthan.gov.in पोर्टल के जरिए भी लॉगिन कर सकते हैं।
लॉगिन के बाद सिटीजन ऐप्स (G2C) में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन करना होगा। आवेदन के लिए सबसे पहले सभी उम्मीदवारों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद अपनी अन्य जरूरी डिटेल्स भरकर फॉर्म सबमिट करना होगा।
आवेदन के लिए वर्गानुसार तय किया गया परीक्षा शुल्क
इस परीक्षा में भाग लेने के लिए सामान्य वर्ग और अन्य राज्यों के सभी उम्मीदवारों को 600 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं राजस्थान के ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर), ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के लिए 400 रुपये फीस तय है।
सभी उम्मीदवार अपनी आवेदन फीस को ऑनलाइन माध्यम, जैसे नेट बैंकिंग, क्रेडिट या डेबिट कार्ड से जमा कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे फॉर्म भरने से पहले एक बार आधिकारिक विस्तृत नोटिफिकेशन का अच्छे से अवलोकन कर लें।
Author: Rashmi Sharma

