Weather News: राजस्थान में भीषण गर्मी लगातार लोगों के पसीने छुड़ा रही है। अब स्थिति ऐसी हो गई है कि दोपहर के समय लोगों का घरों से निकलना भी भारी होने लगा है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को हलकान करने लगती है और प्रदेश के लगभग सभी जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
पश्चिमी राजस्थान में सबसे ज्यादा आफत, जैसलमेर रहा सबसे गर्म
प्रदेश में इस समय सबसे ज्यादा हीटवेव (लू) का असर पश्चिमी क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। पश्चिमी राजस्थान के सरहदी जिलों जैसलमेर, बाड़मेर और श्री गंगानगर में पारा 43 डिग्री से लेकर 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। श्री गंगानगर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दूसरी ओर, अगर पूर्वी राजस्थान की बात करें तो यहाँ लगभग सभी जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। पूरे जोधपुर संभाग में मौसम पूरी तरह शुष्क है। पिछले दिनों के मुकाबले मेवाड़ के चित्तौड़गढ़ में आज मामूली गिरावट के साथ पारा 44 डिग्री, चूरू में 42 डिग्री, अजमेर में 41.6 डिग्री और कोटा में 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जयपुर और सीकर संभाग के लोगों को मिलेगी भीषण गर्मी से राहत
राजधानी जयपुर की बात करें तो यहाँ अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जयपुर में दिन के समय भले ही भीषण गर्मी का प्रकोप रहता है, लेकिन रात में हल्की राहत मिल रही है। शाम ढलने के साथ ही आंशिक तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे रातें थोड़ी ठंडी हो रही हैं।
इसी बीच मौसम विभाग से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। शेखावाटी के पिलानी में जहाँ पारा 44.2 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार आज यानी 24 मई 2026 को सीकर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना बनी हुई है।
भरतपुर संभाग में भी बारिश और तेज आंधी का अनुमान
मौसम विभाग ने जयपुर और सीकर के अलावा भरतपुर संभाग में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान क्षेत्र में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस मौसमी बदलाव से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ समय के लिए बड़ी राहत मिल सकती है।
Author: Shilla Bhatia


