Himachal Weather Alert: पहाड़ों पर बर्फबारी और शिमला में ओले, मैदानी इलाकों में भीषण लू की चेतावनी, जानें कब बदलेगा मौसम

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर नए रंग दिखा रहा है। राज्य के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में रविवार को मौसम खराब बना रहा। ऊपरी पहाड़ियों पर बीती रात हल्की बर्फबारी हुई। वहीं दूसरी ओर ऊना और बिलासपुर जैसे मैदानी इलाकों में तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया।

शिमला में ओलावृष्टि और कई जगह तेज बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सुनिभज्जी में सबसे अधिक 23 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जोत में 11 और जोगिंद्रनगर में 8 मिलीमीटर पानी बरसा। फागू, कोकसर और पंडोह में भी हल्की बौछारें पड़ीं।

इसी के साथ पर्यटन नगरी शिमला, भुंतर और मुरारी देवी क्षेत्र में बिजली कड़कने के साथ जोरदार ओलावृष्टि हुई। मौसम के इस बदलाव से कुछ जगहों पर तापमान में गिरावट आई है। इस दौरान सिओबाग में 52 किलोमीटर और सुंदरनगर में 43 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं।

मैदानी इलाकों में लू और अंधड़ का अलर्ट

मौसम केंद्र शिमला के अनुसार 25 मई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इसके बाद 26 से 28 मई तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा।

मौसम साफ होते ही बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना जैसे मैदानी जिलों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि 28 मई की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस कारण 29 और 30 मई को राज्य में फिर आंधी और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो सकता है।

रविवार सुबह राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहा। लाहौल स्पीति का कुकुमसेरी 4.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। वहीं केलांग और ताबो में तापमान 5.3 डिग्री रहा। दूसरी तरफ पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान सबसे अधिक 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Author: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories