हिमाचल में मौसम का डबल अटैक! कहीं बर्फबारी से ठिठुरन तो कहीं 44 डिग्री की भीषण लू, धर्मशाला मैच पर संकट

Weather News: हिमाचल प्रदेश में कुदरत का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है। राज्य में वीरवार को एक तरफ जहां कई पहाड़ी इलाकों में भारी वर्षा और हिमपात हुआ है। वहीं दूसरी तरफ मैदानी इलाके ऊना में भीषण लू चलने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इसके विपरीत ऊना में झुलसाने वाली गर्मी के कारण सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ऊना में शाम के समय अचानक हुई वर्षा ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर पहुंचाई है।

रोहतांग और कुंजुम में हिमपात

प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों जैसे रोहतांग, कुंजुम और बारालाचा में हल्का हिमपात दर्ज किया गया है। इसके साथ ही कांगड़ा में पांच, धर्मशाला में चार और भुंतर में 3.2 मिलीमीटर वर्षा हुई है। मौसम के इस बदले मिजाज के कारण पालमपुर क्षेत्र में कई जगहों पर भारी ओलावृष्टि भी देखने को मिली है।

ऊना में पारा 44 डिग्री के पार

मैदानी इलाके ऊना में दिन के तापमान में 0.8 डिग्री की बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है। यहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है। इससे पहले बीते वर्ष 10 जून को यहां का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

भारत-अफगानिस्तान मैच पर मंडराया संकट

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 13 जून को होने वाले भारत और अफगानिस्तान के वनडे मैच पर वर्षा का साया मंडरा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 जून को कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने इन पांच जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका जताई है। इसके अलावा चंबा शहर में तीन घंटे हुई भारी वर्षा से नालियां बंद हो गईं। डलहौजी के गोली में नाले का पानी नेशनल हाईवे पर आने से यातायात बाधित रहा।

Author: Shilla Bhatia

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories