Vi 5G Network: वोडाफोन आइडिया का बड़ा धमाका, देश के इन नए शहरों और मुंबई मेट्रो रूट पर शुरू हुई सुपरफास्ट 5G सेवा

New Delhi News: देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vi) ने भारत में अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी ने देश के कई नए राज्यों और प्रमुख शहरों में अपनी हाई-स्पीड 5G सेवाओं का विस्तार कर दिया है। इसके साथ ही मुंबई मेट्रो रूट पर भी कनेक्टिविटी बहाल कर दी है।

कंपनी की इस नई पहल से अब लाखों ग्राहकों को बेहद फास्ट इंटरनेट और कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। वोडाफोन आइडिया लगातार अपने नेटवर्क को अपग्रेड करने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में कंपनी ने पंजाब और तमिलनाडु के कई प्रमुख जिलों को अपने 5G नेटवर्क के दायरे में शामिल कर लिया है।

एक आधिकारिक घोषणा में कंपनी ने बताया कि मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन 3 (Mumbai Metro Aqua Line 3) के कुल 16 स्टेशनों पर उसकी मोबाइल नेटवर्क सेवाएं पूरी तरह से चालू हो गई हैं। इससे यात्रियों को अब सफर के दौरान बिना किसी रुकावट के वॉयस और हाई-स्पीड डेटा का एक्सेस मिलेगा।

पंजाब, तमिलनाडु और भोपाल में पहुंचा Vi 5G नेटवर्क

कंपनी की तरफ से जारी ऑफिशियल प्रेस रिलीज के मुताबिक, Vi ने पंजाब के लुधियाना, जालंधर और पटियाला शहरों में अपनी कमर्शियल 5G सर्विस को लाइव कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी ने इस महीने के अंत तक अमृतसर में भी 5G नेटवर्क पहुंचाने का बड़ा प्लान साझा किया है।

दक्षिण भारत की बात करें तो कंपनी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर, तिरुप्पुर और वेल्लोर जैसे बड़े औद्योगिक शहरों में 5G नेटवर्क लॉन्च कर दिया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी अब ग्राहकों को वोडाफोन आइडिया की हाई-स्पीड 5G कनेक्टिविटी का फायदा मिलना शुरू हो गया है।

इस लेटेस्ट नेटवर्क रोलआउट के बाद इन सभी शहरों के यूजर्स हाई-डेफिनिशन वीडियो स्ट्रीमिंग, क्लाउड गेमिंग, फास्ट डाउनलोडिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का बेहतरीन अनुभव ले सकेंगे। कंपनी ने नेटवर्क परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक AI-पावर्ड सेल्फ-ऑप्टिमाइजिंग नेटवर्क (SON) टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है।

मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन 3 पर कनेक्टिविटी बहाल

इसके साथ ही वोडाफोन आइडिया ने मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन 3 के आरे जेवीएलआर (Aarey JVLR) से लेकर आचार्य अत्रे चौक तक के 16 स्टेशनों पर मोबाइल नेटवर्क को पूरी तरह रीस्टोर कर दिया है। इस रूट के प्रमुख स्टेशनों पर अब यात्रियों को मजबूत नेटवर्क कवरेज मिलेगी।

इस अपडेट के बाद सीपज एमआईडीसी अंधेरी, मरोल नाका, सीएसएमआई एयरपोर्ट टर्मिनल 2, दादर, सिद्धिविनायक और वर्ली जैसे व्यस्त स्टेशनों पर सेवाएं चालू हो गई हैं। इन इलाकों में तकनीकी कारणों से सेवाएं अस्थाई रूप से बंद थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरटेल ने भी इस रूट पर नेटवर्क बहाल किया है।

मेट्रो स्टेशनों, प्लेटफॉर्म्स और ट्रांजिट एरियाज में अब यात्री बिना किसी बाधा के इंटरनेट चला सकेंगे। कंपनी ने बताया कि एक्वा लाइन 3 के फेज 2 के तहत साइंस सेंटर से कफ परेड के बीच आने वाले 11 अन्य स्टेशनों पर भी काम चल रहा है, जो जल्द पूरा होगा।

Author: Mohit

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories