हिमाचल में मुफ्त बिजली योजना पर सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला, अब इतने मीटरों पर ही मिलेगी सब्सिडी

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को लेकर एक बड़ा नीतिगत फैसला किया है। राज्य सरकार ने अब बिजली मीटरों पर मिलने वाली सब्सिडी के नियमों को कड़ा कर दिया है। नए आदेश के तहत अब केवल दो बिजली मीटरों पर ही उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा।

एक राशन कार्ड पर सिर्फ दो मीटर को मिलेगी छूट, ऐसे करें आवेदन

नए नियमों के मुताबिक एक राशन कार्ड पर अधिकतम दो ही मीटरों पर 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। यदि किसी परिवार के पास दो से अधिक मीटर हैं, तो अन्य मीटरों पर सब्सिडी नहीं मिलेगी। मंडी जिले के विद्युत उपमंडल साईग्लू के सहायक अभियंता विनीत ठाकुर ने इस प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी है।

उपभोक्ता बिजली बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के कंज्यूमर पोर्टल पर जाकर ‘अपडेट राशन सब्सिडी’ विकल्प चुन सकते हैं। वहां उपभोक्ता संख्या भरकर मोबाइल पर आए ओटीपी के जरिए लॉगइन कर सकते हैं। उपभोक्ता अपनी आईडी में ऑनलाइन बदलाव कर सकते हैं। इसके अलावा लोग बिजली दफ्तर जाकर भी फॉर्म जमा कर सकते हैं।

चुनावी वादे और सब्सिडी नियमों में बदलाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज

हिमाचल प्रदेश में पिछली जयराम सरकार ने जनता को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का प्रावधान शुरू किया था। वर्तमान सुक्खू सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की थी। हालांकि सरकार का यह चुनावी वादा अब तक राज्य में पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर पाया है।

राज्य सरकार ने पहले 125 यूनिट से अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं की सब्सिडी पूरी तरह बंद कर दी थी। भारी विरोध और जन आक्रोश के बाद सरकार ने इस फैसले को वापस बहाल कर दिया था। इसके साथ ही सरकार ने 300 यूनिट से अधिक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं की सब्सिडी स्थाई रूप से बंद कर दी है।

Author: Sunita Gupta

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories