Delhi News: राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके हौज खास एन्क्लेव में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक घर में एसी ब्लास्ट होने के बाद भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में 80 वर्षीय रिटायर्ड आईएएस अधिकारी धनेंद्र कुमार की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक रात करीब 11 बजकर 18 मिनट पर हौज खास स्थित मकान नंबर R-15 में आग लगने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बचाव दल ने घर में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने रिटायर्ड आईएएस अधिकारी धनेंद्र कुमार और उनके बेटे गौरव को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान धनेंद्र कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं उनके बेटे गौरव का इलाज अभी अस्पताल में जारी है।
हादसे के समय घर में थे पांच लोग
इस दर्दनाक हादसे के समय घर के अंदर कुल पांच लोग मौजूद थे। इनमें परिवार के सदस्यों के साथ दो घरेलू सहायक भी शामिल थे। ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले धनेंद्र कुमार के सहायक रमेश ने बताया कि आग लगते ही पूरे फ्लोर पर अचानक घना धुआं भर गया था।
घरेलू सहायक रमेश ने साहब और उनके बेटे को बचाने का काफी प्रयास किया। इस कोशिश के दौरान रमेश खुद भी झुलस गया। उसने बताया कि एसी नया था या पुराना, इस बारे में उसे जानकारी नहीं है। ग्राउंड फ्लोर पर धुआं भरने से सांस लेना मुश्किल हो गया था।
पड़ोसी ने लगाया दमकल विभाग पर देरी का आरोप
मृतक अधिकारी के घर के सामने रहने वाली महिला सोनल ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोनल का कहना है कि दमकल विभाग की टीम सूचना के करीब 25 मिनट बाद मौके पर पहुंची। अगर फायर ब्रिगेड समय पर आती तो शायद अधिकारी की जान बच सकती थी।
सोनल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इतने बड़े पद से रिटायर हुए अधिकारी के घर वीआईपी इलाके में टीम देर से पहुंची। आम आदमी के मामलों में क्या स्थिति होती होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल क्राइम टीम इस हादसे की गहनता से जांच कर रही है।
Author: Gaurav Malhotra


