Delhi News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के प्रयास महिलाओं के सम्मान, अवसर और सशक्तिकरण पर टिके हैं। सरकार ने देश में ऐसा माहौल बनाया है जहां महिलाएं अपनी पूरी क्षमता दिखा सकें। नारी शक्ति अब राष्ट्र निर्माण में और अधिक मजबूती से अपना योगदान दे रही है।
बीते 12 वर्षों में महिलाओं ने हर क्षेत्र में दिखाई ताकत
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग सरकार ने पिछले 12 वर्ष में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को तेजी से आगे बढ़ाया है। आज यह बदलाव विभिन्न क्षेत्रों में साफ दिखाई दे रहा है। वित्तीय समावेशन और उद्यमिता से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, आवास, खेल, विज्ञान और शासन तक महिलाएं प्रमुख भूमिका निभा रही हैं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि सरकार की नीतियों से महिलाओं को नए अवसर मिले हैं। उन्हें यह देखकर विशेष खुशी होती है कि भारत की नारी शक्ति विज्ञान, अंतरिक्ष और नवोन्मेष जैसे आधुनिक क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रही है। देश का यह विकास मॉडल दुनिया देख रही है।
ड्रोन टेक्नोलॉजी और स्वयं सहायता समूहों से मिली आर्थिक आजादी
प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे नए क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी अवसरों के नए रास्ते खोल रही है। देश के कोने-कोने में विकास की तस्वीर बदल रही है। केंद्र सरकार स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय रूप से बड़ा समर्थन दे रही है, जो महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना रहे हैं।
मालूम हो कि मोदी सरकार ने देश की सत्ता में अपने सफल 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। पीएम मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। वह देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने जिनका जन्म स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद हुआ है। उनका दूसरा कार्यकाल 2019 में शुरू हुआ था।
जवाहरलाल नेहरू के सबसे लंबे कार्यकाल का ऐतिहासिक रिकॉर्ड टूटा
साल 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली एक और निर्णायक जीत के बाद उन्होंने नौ जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला। पीएम मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सत्ता में रहने के मामले में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिन के पुराने रिकॉर्ड को भी बुधवार को तोड़ दिया।
पंडित नेहरू साल 1947 से 1952 तक देश की अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे थे क्योंकि उस समय तक देश में आम चुनाव नहीं हुए थे। केंद्र सरकार की नई योजनाएं अब सीधे तौर पर जमीनी स्तर पर महिलाओं के जीवन स्तर को ऊंचा उठा रही हैं, जिससे सामाजिक समरसता बढ़ रही है।
Author: Harikarishan Sharma


