Gaya News: गया जिले के खिजरसराय प्रखंड के सिसवर स्थित संत थामस इंग्लिश स्कूल में शुक्रवार शाम एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी जब एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, तभी मंच के पीछे से अचानक पत्थर फेंके गए। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
मंच पर गिरे पत्थर, बाल-बाल बचे मंत्री
घटना शाम करीब सात बजे की है। केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी मंच से उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। अचानक मंच के पीछे से दो पत्थर आकर गिरे। गनीमत रही कि इस घटना में मंत्री या मंच पर मौजूद किसी भी अन्य व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। पत्थर गिरने के तुरंत बाद मंत्री अपना संबोधन बीच में ही छोड़कर वहां से लौट गए।
पत्थर फेंके जाने के बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई की। सुरक्षा में तैनात जवानों ने मंच के पीछे से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। बताया गया है कि ये दोनों युवक घटना के बाद मौके से भागने की फिराक में थे, जिन्हें पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया।
पुलिस जांच में जुटी, साजिश की आशंका
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। कार्यक्रम में शामिल लोगों का मानना है कि यह प्रशासन को बदनाम करने की एक सोची-समझी साजिश हो सकती है। स्थानीय स्तर पर इसे एक गंभीर सुरक्षा चूक के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अब इन युवकों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के असली मकसद का पता लगाया जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि पत्थर फेंकने की घटना की पुष्टि हुई है और दो संदिग्ध हिरासत में हैं। फिलहाल किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। घटनास्थल पर डीएसपी सुरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौजूद है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
Author: Amit Yadav


