Sports: जापान में इस साल 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए बीसीसीआई (BCCI) ने अपनी कमर कस ली है। टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए बोर्ड ने 30 संभावित खिलाड़ियों की एक बेहद मजबूत लिस्ट तैयार की है।
इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का है, जिन्हें पहली बार इस बड़े मंच के लिए चुना गया है। वहीं दूसरी ओर धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को इस लिस्ट से पूरी तरह बाहर रखा गया है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है।
खेल पत्रकार हेमंत रस्तोगी की विशेष रिपोर्ट के मुताबिक सूर्यकुमार यादव के बाहर होने का सीधा मतलब यह है कि वह इस बार एशियन गेम्स (ASIAD 2026) में भारतीय टी20 टीम की कप्तानी करते हुए नजर नहीं आएंगे। बोर्ड जल्द ही इनमें से मुख्य 15 सदस्यीय टीम की घोषणा करेगा।
भारतीय मेंस टी20 टीम एशियन गेम्स की मौजूदा डिफेंडिंग चैंपियन है। चीन में आयोजित पिछले एशियन गेम्स में ऋतुराज गायकवाड़ की शानदार कप्तानी में भारत ने गोल्ड मेडल जीता था। उस विजेता टीम के 9 खास खिलाड़ियों को इस बार भी 30 संभावितों की सूची में शामिल किया गया है।
ये हैं एशियन गेम्स के 30 संभावित जांबाज, दिग्गज खिलाड़ियों की हुई वापसी
बीसीसीआई द्वारा तैयार की गई इस लिस्ट में युवाओं के साथ-साथ ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल जैसे कई स्टार खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। विभिन्न विभागों में संतुलन बनाने के लिए सेलेक्टर्स ने हर क्षेत्र के बेहतरीन खिलाड़ियों पर अपना भरोसा जताया है।
संभावित खिलाड़ियों में इशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, हार्दिक पंड्या, अनुकूल रॉय, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरैल, तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, विप्रज निगम, वॉशिंगटन सुंदर, यशस्वी जायसवाल, यश ठाकुर, संजू सैमसन, नीतीश रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद, हर्षित राणा, आयुष बडोनी और अभिषेक शर्मा शामिल हैं।
सूर्या की जगह कौन संभालेगा कप्तानी? वैभव सूर्यवंशी का पहले ही हो सकता है डेब्यू
सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी में टी20 कप्तान के तौर पर टीम इंडिया की बागडोर संभालने के लिए कई कद्दावर खिलाड़ी रेस में आगे चल रहे हैं। इनमें श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और पूर्व कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के नाम सबसे ऊपर हैं। अंतिम फैसला सेलेक्टर्स और बोर्ड का होगा।
आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से तबाही मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी की एंट्री तय मानी जा रही थी। हालांकि, बड़ी खबर यह है कि वैभव एशियन गेम्स से पहले ही सीनियर टीम इंडिया के साथ जुड़ सकते हैं। उन्हें आयरलैंड, इंग्लैंड, जिम्बाब्वे और श्रीलंका दौरे पर आजमाया जा सकता है।
भारतीय टीम को 26 जून से आयरलैंड में 2 टी20, जुलाई में इंग्लैंड में 5 टी20 और 3 वनडे, फिर 23 जुलाई से जिम्बाब्वे में 3 टी20 और अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ 2 टी20 मैच खेलने हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि वैभव इन दौरों पर डेब्यू कर सकते हैं।
सिर्फ कप्तान ही नहीं, कोच भी बदलेगा; गंभीर की जगह वीवीएस लक्ष्मण संभालेंगे कमान
जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया का सिर्फ कप्तान ही नहीं, बल्कि मुख्य कोच भी बदला हुआ नजर आएगा। टूर्नामेंट के दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर की जगह पूर्व दिग्गज खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण टीम इंडिया के हेड कोच की भूमिका निभा सकते हैं।
कोच में यह बड़ा बदलाव भारतीय टीम के बेहद व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूलिंग के चलते लिया जा रहा है। एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट का आयोजन 24 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच होना है। ठीक इसी दौरान 27 सितंबर से 6 अक्टूबर के बीच भारत को वेस्टइंडीज की मेजबानी करनी है।
भारत को घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 वनडे मैच खेलने हैं। ऐसे में मुख्य कोच गौतम गंभीर भारत में रहकर सीनियर टीम को गाइड करेंगे, जबकि वीवीएस लक्ष्मण ‘टीम बी’ को लेकर जापान रवाना होंगे। बतौर कोच लक्ष्मण का नाम भी इस लिस्ट में शामिल किया गया है।
Author: Prem Sharma

