Sports News: भारतीय क्रिकेट इतिहास में ‘सचिन… सचिन…’ की गूंज आज भी हर खेल प्रेमी के दिल में बसती है। सचिन तेंदुलकर के बाद एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा ने इस विरासत को संभाला। लेकिन अब सिर्फ 15 साल की उम्र में बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने वह कर दिखाया है, जिससे वह वैश्विक क्रिकेट के अगले सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडर बन सकते हैं।
क्रिकेट विश्लेषकों का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी के पास सचिन की ही तरह एक लंबा और ऐतिहासिक क्रिकेट करियर होगा। मैदान के बाहर उनका भोलापन और पिच पर पैर रखते ही उनकी क्रूर बल्लेबाजी का कॉकटेल उन्हें सर्वकालिक महान खिलाड़ियों की सूची में शुमार कर सकता है। सचिन ने 16 साल में डेब्यू किया था, जबकि वैभव 15 में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दरवाजे पर खड़े हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) इस खेल को फुटबॉल की तरह दुनिया के कोने-कोने में फैलाना चाहती है। साल 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक खेलों में पहली बार क्रिकेट को शामिल किया जा रहा है। खेल प्रेमियों का मानना है कि ओलंपिक के इस ऐतिहासिक मंच पर वैभव सूर्यवंशी की चमक क्रिकेट की वैश्विक दीवानगी को एक नए शिखर पर ले जाएगी।
दिग्गजों को याद आया सचिन और धोनी का दौर
आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले ने दुनिया भर में वैभव की दीवानगी को एक बार फिर साबित कर दिया है। राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस नॉकआउट मैच में वही उत्साह और रोमांच देखने को मिला, जो कभी सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और एमएस धोनी के स्वर्णिम दौर में स्टेडियमों में उमड़ता था।
90 के दशक में जहां सचिन देश की उम्मीद बने, वहीं धोनी ने छोटे शहरों के युवाओं को बड़े सपने देखना सिखाया। विराट ने अपने आक्रामक जुनून से टीम इंडिया को नई पहचान दी। अब इसी बड़ी विरासत को आगे बढ़ाने का काम बिहार के वैभव सूर्यवंशी कर रहे हैं। उन्होंने प्लेऑफ जैसे दबाव वाले मैच में कप्तान पैट कमिंस जैसे महान गेंदबाज को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
हैदराबाद के खिलाफ महज 29 गेंदों पर 97 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर वैभव ने भविष्य की सभी बहसों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया है। खुद ‘क्रिकेट के भगवान’ सचिन तेंदुलकर ने उनकी तारीफ में कहा कि वैभव के बल्ले का स्विंग बेहतरीन है। वह अपने पैरों पर आने वाली गेंद के लिए बेहद खूबसूरती से जगह बनाते हैं और शानदार फ्रंटफुट शॉट खेलते हैं।
बाउंड्री से बनाए 90 प्रतिशत रन
युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का बल्ला इस आईपीएल सीजन में लगातार आग उगल रहा है। उन्होंने अब तक खेले 15 मुकाबलों में 242.85 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से कुल 680 रन बनाए हैं। वह ऑरेंज कैप की रेस में शीर्ष पर हैं। वैभव ने इस सीजन में अब तक 55 चौके और रिकॉर्ड तोड़ 65 गगनचुंबी छक्के जड़े हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि उनके कुल रनों में से 610 रन सिर्फ चौकों और छक्कों के जरिए आए हैं। यह उनके कुल स्कोर का 89.70 प्रतिशत है, जो टी-20 क्रिकेट के इतिहास में एक दुर्लभ रिकॉर्ड है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने कहा कि वैभव ने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन से बिहार को गौरवान्वित किया है।
वैभव की इस आतिशी पारी को देखकर पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह ने उन्हें ‘बेबी बॉस’ कहा, जिसने विश्व रिकॉर्ड तोड़ा है। वहीं सुरेश रैना और मोहम्मद कैफ ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का सुरक्षित भविष्य बताया। विदेशी दिग्गजों में केविन पीटरसन, इयान बिशप और एबी डिविलियर्स ने पैट कमिंस के खिलाफ वैभव के गजब के आत्मविश्वास और समझ की जमकर तारीफ की है।
Author: Prem Sharma


