Kullu News: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाली हिमाचल प्रदेश की खो-खो खिलाड़ी नीता राणा को बड़ी वित्तीय मदद मिलेगी। केंद्र सरकार ने विश्व कप विजेता भारतीय टीम की सदस्य रहीं नीता राणा को 30 लाख रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।
भारतीय खो-खो महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल और महासचिव उपकार सिंह विर्क के विशेष प्रयासों से खेल मंत्रालय ने यह राशि स्वीकृत की है। अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार विश्व कप जीतने वाली टीम के सभी खिलाड़ियों को 30-30 लाख रुपये का इनाम देकर सम्मानित कर रही है।
नई दिल्ली में आयोजित पहले विश्व कप में जीता था गोल्ड
नई दिल्ली में बीते वर्ष जनवरी में पहले खो-खो वर्ल्ड कप का भव्य आयोजन किया गया था। इस वैश्विक टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की रहने वाली नीता राणा ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने अपने बेहतरीन खेल प्रदर्शन से भारत को चैंपियन बनाने में मुख्य भूमिका निभाई थी।
हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर, महासचिव एलआर वर्मा और सीईओ देवीदत्त तनवर ने महासंघ के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। खेल संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि भारतीय टीम आने वाले एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में भी शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतेगी।
खिलाड़ी नीता राणा को सरकारी नौकरी देने की उठी मांग
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल के प्रयासों से जल्द ही खो-खो खेल को ओलंपिक गेम्स में भी स्थान मिलेगा। खो-खो संघ ने इस बड़े पुरस्कार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडवीया का आधिकारिक तौर पर धन्यवाद किया है।
इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और राज्य के खेल मंत्री यादविंदर गोमा से एक विशेष मांग की है। संघ का कहना है कि क्रिकेट खिलाड़ियों की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नीता राणा को भी राज्य सरकार नकद पुरस्कार और सरकारी नौकरी प्रदान करे।

