Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को मंडी जिले की करसोग तहसील की रहने वाली रुचि ठाकुर के लिए एक लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। पर्वतारोही रुचि ने हाल ही में दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी।
रुचि ठाकुर ने रविवार को शिमला में मुख्यमंत्री से उनके सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ में मुलाकात की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रुचि को इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने रुचि के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनीं रुचि ठाकुर
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि रुचि ठाकुर की यह असाधारण सफलता प्रदेश की युवा पीढ़ी को प्रेरित करेगी। यह उपलब्धि युवाओं में दृढ़ संकल्प और साहस के साथ जीवन में आगे बढ़ने की भावना जगाएगी। उन्होंने रुचि के जज्बे की सराहना करते हुए इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया।
उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल की बेटियां आज शिक्षा, खेल और साहसिक खेलों जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। बेटियां अपनी कड़ी मेहनत से वैश्विक मंच पर राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। सरकार राज्य की ऐसी होनहार प्रतिभाओं को हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।

