Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम में अपनी गर्लफ्रेंड के किराए के कमरे में ले जाकर पत्नी की बेरहमी से गोली मारकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मानेसर थाना पुलिस ने आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या के करीब डेढ़ महीने बाद मानेसर से दबोचे गए आरोपी
वारदात के करीब डेढ़ महीने बाद दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित (उम्र 25 वर्ष) निवासी मानेसर, गुरुग्राम और रजनी देवी (उम्र 38 वर्ष) निवासी गांव औरंगाबाद, जिला झज्जर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है।
तीन साल से चल रहा था अफेयर, नेपाल भाग गए थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि अंकित और रजनी का पिछले तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अंकित 21 मई को एक सुनियोजित साजिश के तहत अपनी पत्नी को रजनी के कमरे पर ले गया और वहां उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों नेपाल भाग गए थे।
बाथरूम में बंद कर दिया था शव, उत्तर प्रदेश से लाया था हथियार
आरोपी ने हत्या के बाद पत्नी के शव को कमरे के बाथरूम में बंद कर दिया था। वारदात में इस्तेमाल अवैध हथियार आरोपी दो महीने पहले उत्तर प्रदेश से लाया था। दोनों आरोपी 30 जून को भारत वापस लौटे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोचकर 5 दिन के रिमांड पर लिया है।
फरवरी 2026 में हुई थी शादी, गुमशुदगी के बाद खुला राज
मृतका की मां ने 22 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 22 वर्षीय बेटी, जिसका विवाह फरवरी 2026 में अंकित से हुआ था, लापता है। इसके बाद पुलिस को एक बंद कमरे के बाथरूम से बदबू आने पर मृतका का सड़ा हुआ शव मिला, जिससे इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा हुआ।

