Kangra News: कांगड़ा में हॉस्टल में प्रताड़ना से तंग आकर 14 वर्षीय छात्र ने किया सुसाइड, स्कूल प्रबंधन पर केस दर्ज

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रह रहे 14 वर्षीय छात्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में सुसाइड कर लिया। पुलिस ने मृतक छात्र के पिता की शिकायत पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पिता ने स्टाफ पर बेटे को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

- Advertisement -

थाना खुंडियां के तहत आने वाले एक गांव के निवासी प्रदीप कुमार भारतीय सेना में सूबेदार हैं। उन्होंने साल 2025 में अपने इकलौते बेटे कबीर राणा का दाखिला डीसीएस लोअर सुनेहत स्कूल की नौवीं क्लास में कराया था। पढ़ाई के लिए उन्होंने कबीर को स्कूल के हॉस्टल में ही रखा हुआ था।

हॉस्टल स्टाफ पर लगा छात्र को बेरहमी से पीटने का आरोप

पिता ने पुलिस शिकायत में बताया कि कबीर पिछले कुछ समय से हॉस्टल में नहीं रहने की जिद कर रहा था। कबीर ने परिजनों को बताया था कि हॉस्टल का स्टाफ उसे डंडों से मारता-पीटता है। स्टाफ के लोग नया डंडा आने पर उसकी टेस्टिंग कबीर पर करने की बात कहकर उसे बुरी तरह प्रताड़ित करते थे।

शिकायत के मुताबिक, बीती 4 जुलाई को स्कूल बस ड्राइवर ने कबीर को हॉस्टल का सामान लाने के लिए कुछ पैसे दिए थे। कबीर ने उन पैसों में से 10 रुपये की आइसक्रीम खा ली थी। इस बात पर बस ड्राइवर ने उसे डांटा और पीटा। इसके बाद ड्राइवर ने प्रिंसिपल, एमडी और हॉस्टल वार्डन से शिकायत कर दी।

- Advertisement -

आरोपी एमडी, प्रिंसिपल और वार्डन के खिलाफ एफआईआर दर्ज

आरोप है कि शिकायत मिलने के बाद स्कूल के एमडी, प्रिंसिपल और वार्डन तीनों ने मिलकर कबीर को थप्पड़ों और डंडों से दोबारा पीटा। घर लौटने के बाद छात्र बेहद मानसिक तनाव में था। जब माता-पिता खेत में काम करने गए, तब कबीर ने कमरे में सीलिंग फैन से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। खुंडियां थाना पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर स्कूल के एमडी, प्रिंसिपल गुंजन, हॉस्टल वार्डन और बस ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई राकेश शर्मा कर रहे हैं।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles