IPL News: विराट कोहली को टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास लिए दो साल हो गए हैं। लेकिन आईपीएल 2026 के पहले मैच में उन्होंने दिखा दिया कि उनका दबदबा अभी खत्म नहीं हुआ है। कोहली ने 38 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाकर आरसीबी को हैदराबाद के खिलाफ एकतरफा जीत दिलाई। इसके बाद मोहम्मद कैफ का एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।
कैफ ने गिनाई कोहली की पिछली 10 पारियां
विराट कोहलीकी शानदार पारी के बाद पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने कोहली की पिछली 10 सफेद गेंद की पारियों के आंकड़े गिनाए। कैफ ने लिखा कि लोगों ने ऑस्ट्रेलिया में दो बार शून्य पर आउट होने के बाद कहा था कि कोहली का दौर खत्म हो गया है। जबकि उनकी पिछली पारियां 74, 135, 102, 65, 131, 77, 93, 23, 124 और 69 (नाबाद) रन रही हैं।
फैंस ने कैफ के पोस्ट की टाइमिंग पर उठाए सवाल
हालांकि,कई फैंस ने कैफ के इस पोस्ट की टाइमिंग पर सवाल उठाए हैं। फैंस का कहना है कि जब कोहली लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, तब उनके बचाव की जरूरत नहीं है। कुछ यूजर्स ने याद दिलाया कि कोहली की आलोचना टेस्ट फॉर्म को लेकर की गई थी, वनडे और टी20 को लेकर नहीं।
कोहली ने रिकॉर्ड्स का लगाया अंबार
इस मैच मेंविराट कोहली ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। वह आईपीएल में लक्ष्य का पीछा करते हुए 4000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने। टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में उन्होंने शोएब मलिक को पीछे छोड़ दिया। विराट के अब टी20 में 13612 रन हो गए हैं, जबकि शोएब मलिक के 13571 रन हैं। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में उन्होंने 28वीं बार अर्धशतक लगाया, जो एक मैदान पर सबसे ज्यादा फिफ्टी का रिकॉर्ड है।
आरसीबी ने सबसे तेज रन चेज का रिकॉर्ड बनाया
आरसीबीने आईपीएल 2026 के अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया। टीम ने 202 रन का लक्ष्य सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया। यह आईपीएल इतिहास में 200 प्लस रनों का सबसे तेज चेज है।


