Amethi Road Accident: रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर भीषण हादसा, बाइक पर पलटा प्याज से लदा ट्रक, भंडारे से लौट रहे 3 रिश्तेदारों की दर्दनाक मौत

Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मुंशीगंज थाना क्षेत्र के रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग पर गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शंकरगंज चौराहा मोड़ के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक दो मोटरसाइकिलों के ऊपर पलट गया। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुए सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे। वे एक पारिवारिक भंडारे से लौट रहे थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बाइक सवार लोग ट्रक के नीचे बुरी तरह दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंची।

भंडारे से घर लौट रहे थे चारों रिश्तेदार

पुलिस के अनुसार प्रिंस वर्मा, सनी वर्मा, राजू वर्मा और अजीत वर्मा दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर अपने रिश्तेदार ओमप्रकाश वर्मा के घर गए थे। वहां आयोजित एक धार्मिक भंडारे में शामिल होने के बाद सभी देर रात वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी अचानक काल बनकर आए ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।

मुंशीगंज के थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि गौरीगंज की ओर से आ रहा एक प्याज से लदा ट्रक मोड़ पर अचानक असंतुलित हो गया। ट्रक सीधे बाइक सवारों पर पलट गया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने 3 को घोषित किया मृत

अस्पताल में डॉक्टरों ने राजू वर्मा (24), प्रिंस वर्मा (15) और सनी वर्मा (25) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल अजीत वर्मा का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और क्रेन की मदद से उसे रास्ते से हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Author: Ajay Mishra

Hot this week

Related Articles

Popular Categories