जमशेदपुर में आग की तीन घटनाओं से मचा हड़कंप, लकड़ी गोदाम से लेकर फ्रिज विस्फोट तक

Jamshedpur News: जमशेदपुर में मंगलवार को आग लगने की तीन अलग-अलग घटनाओं ने शहर के विभिन्न इलाकों में अफरा-तफरी मचा दी। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में लकड़ी के गोदाम में भीषण आग लग गई, वहीं सोनारी में फ्रिज विस्फोट से आग फैल गई। मानगो में भी एक सब्जी दुकान में आग लगने की घटना सामने आई। गनीमत रही कि तीनों घटनाओं में किसी भी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

लकड़ी गोदाम में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट का शक

बर्मामाइंस थानाक्षेत्र के मिल एंड गोदाम एरिया में इम्तियाज़ खान के स्वामित्व वाले लकड़ी गोदाम में मंगलवार तड़के आग लग गई। सुरक्षा गार्ड ने धुआं और लपटें उठते देख तुरंत गोदाम मालिक को सूचना दी। आग ने देर नहीं की और लकड़ियों के ढेर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड और झारखंड अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। संकरी गली और लकड़ियों की वजह से बचाव कार्य में चुनौतियां आईं, लेकिन दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। गोदाम प्रबंधन से जुड़े अनिकेत ने बताया कि आग केवल लकड़ी के लॉग्स तक सीमित रही और कीमती मशीनें बच गईं। शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है।

सोनारी में फ्रिज विस्फोट, लोगों ने खिड़की से लगाई छलांग

सोनारीथाना क्षेत्र के सी रोड में मंगलवार सुबह एक घर में रखे फ्रिज में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद लोगों ने जान बचाने के लिए खिड़की से कूदकर बाहर निकलने का जोखिम उठाया। इलाके में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे वे नाकाम रहे। करीब आधे घंटे बाद दमकल की टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका है। पुलिस फ्रिज में विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है।

मानगो में सब्जी दुकान में आग, सामान जलकर राख

मानगोथाना क्षेत्र के रोड नंबर-2 स्थित गांधी मैदान के बाहर सोमवार देर रात एक सब्जी दुकान में अचानक आग लग गई। यह दुकान मधु नाम के युवक की थी, जो यहां रोजाना सब्जी बेचकर अपनी आजीविका चलाता था। आग ने देर नहीं की और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखी सब्जियां और अन्य सामान जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories