Delhi News: दिल्ली पुलिस ने हैरान करने वाले एक मामले का खुलासा किया है। सोशल मीडिया ट्रेंड को फॉलो करते हुए लोगों में हिल स्टेशन पर जन्मदिन मनाने की खुमारी चढ़ गई है। इसके लिए लोग किसी भी तरीके से फंड जुटाने में जुटे हैं। द्वारका जिले में पुलिस ने बाइक लूट और चोरी की वारदातों में शामिल 7 नाबालिगों को पकड़कर एक बड़े गैंग का खुलासा किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बाइकों को बेचकर पैसे जुटाना चाहते थे, ताकि गैंग के एक सदस्य का जन्मदिन हिल स्टेशन पर धूमधाम से मना सकें।
बाइक लूट की वारदात का खुलासा
गत 15 मार्च कोदिल्ली के लक्ष्मी विहार निवासी निखिल अपने भतीजे के साथ बाइक से ककरोला गंदा नाला रोड पर जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर मारपीट की और उनकी बाइक व 2000 रुपये लूटकर फरार हो गए। इस मामले में द्वारका नॉर्थ थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। डीसीपी द्वारका के निर्देश पर स्पेशल स्टाफ की टीम बनाई गई।
500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाली
पुलिस नेजांच के दौरान करीब 10 किलोमीटर के दायरे में लगे 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही लोकल इनपुट और मुखबिरों की मदद से 6 नाबालिगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद एक और साथी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 चोरी और लूटी गई बाइक बरामद की हैं, जिनमें बजाज पल्सर और टीवीएस राइडर शामिल हैं।
जन्मदिन मनाने के लिए बनाई थी फंड जुटाने की योजना
पुलिस कीपूछताछ में हैरान करने वाला खुलासा हुआ। आरोपी इन बाइकों को बेचकर पैसे जुटाना चाहते थे, ताकि गैंग के एक सदस्य का जन्मदिन हिल स्टेशन पर धूमधाम से मना सकें। ये सभी नाबालिग हैं और सोशल मीडिया ट्रेंड के चलते इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने सभी सात नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस गैंग ने अन्य वारदातें तो नहीं की हैं।


