Imphal News: मणिपुर में सुरक्षा बलों ने एक बड़े उग्रवाद विरोधी अभियान में प्रतिबंधित संगठनों के कई सक्रिय सदस्यों को धर दबोचा है। पुलिस ने अलग-अलग संवेदनशील इलाकों से भारी मात्रा में अवैध नशीले पदार्थ और प्रतिबंधित सामान भी बरामद किया है।
सुरक्षा बलों ने 4 जून को टेंग्रौपाल जिले के मोरेह पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले बीपी 81 इलाके में जाल बिछाया था। वहां पुलिस ने ‘वैली-बेस्ड इंसर्जेंट ग्रुप्स’ के दो कुख्यात सक्रिय सदस्यों को सफलता पूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए उग्रवादियों की पहचान निंगथौजम थौरंगबा उर्फ डिंगकू उर्फ गोरो और मोमोचा सिंह उर्फ पाइखोम्बा के रूप में हुई है। पुलिस इन दोनों से उग्रवादी नेटवर्क और उनकी भविष्य की खतरनाक साजिशों को लेकर लगातार कड़ी पूछताछ कर रही है।
सुरक्षा बलों ने कई इलाकों से उग्रवादियों को किया गिरफ्तार
इस बड़ी कामयाबी के अगले ही दिन यानी 5 जून को सुरक्षा बलों ने काकचिंग जिले में एक और सफल ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने हियांगलाम थाना क्षेत्र के वाबागाई थिंगेल लीकाई के रहने वाले हुइड्रोम बॉयबॉय सिंह को दबोच लिया।
जांच में पता चला है कि वह प्रतिबंधित संगठन पीपल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) का बेहद सक्रिय सदस्य है। आरोपी बॉयबॉय सिंह हथियारों की अवैध तस्करी और विभिन्न इलाकों में बैनर, पोस्टर लगाकर उग्रवादी प्रोपेगैंडा फैलाने के काम में लिप्त था।
उसी दिन इंफाल वेस्ट जिले के लामसांग माखा लीकाई से थांगजाम दिया सिंह उर्फ मनीमातुम को भी गिरफ्तार किया गया। वह प्रतिबंधित संगठन केसीपी (MFL) का सक्रिय सदस्य है। पुलिस ने उसके पास से कई गंभीर आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं।
भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं और सामान जब्त
उग्रवादियों की धरपकड़ के साथ ही मणिपुर पुलिस ने प्रतिबंधित सामान की तस्करी के दो बड़े मामलों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 4 जून को पैलेल थाना क्षेत्र के पायनियर स्कूल के पास एक ‘सुपर कैरी’ गाड़ी को जांच के लिए रोका।
सुरक्षा बलों ने गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध तंबाकू उत्पाद बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में थौबल जिले के लिलोंग उकू के रहने वाले मो अजमल खान को प्रतिबंधित सामान ढोने के आरोप में मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद जिरीबाम पुलिस स्टेशन के तहत लेइगांगपोकपी में नाका चेक पोस्ट पर एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। सघन तलाशी के दौरान ट्रक से 46.370 किलोग्राम नशीली डब्लूवाई (WY) टैबलेट बरामद हुईं, जिसे देखकर सुरक्षा अधिकारी भी पूरी तरह दंग रह गए।
पुलिस ने इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी मामले में ट्रक ड्राइवर पंकज कुमार राय को तुरंत हिरासत में ले लिया है। आरोपी पंकज कुमार राय मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के तेलिया छपरा गांव का निवासी है।
Author: Sourav Banerjee


