Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में लुटसान रोड पर मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 30 वर्षीय विवाहिता अचानक मोबाइल टावर की चोटी पर चढ़ गई। महिला को इतनी ऊंचाई पर देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का अंत तब हुआ, जब पुलिस महिला के प्रेमी को टावर के नीचे लेकर आई।
ससुराल से निकलकर सीधे टावर पर पहुंची महिला
हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव बरमाना निवासी पूजा पत्नी यशपाल अचानक अपनी ससुराल से निकली और लुटसान रोड स्थित मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर बैठने के बाद उसने खुद अपने मायके वालों को फोन कर इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में उसके पिता राजेंद्र और भाई मौके पर पहुंचे। परिजनों ने फोन के जरिए पूजा से नीचे उतरने की काफी मिन्नतें कीं, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी।
सुरक्षा के लिए बिछाया गया जंपिंग फ्लोर
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी और फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभाला। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए फायर कर्मियों ने टावर के नीचे चारों तरफ जंपिंग फ्लोर बिछा दिया था। पुलिस प्रशासन लगातार महिला को समझाने का प्रयास करता रहा, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। टावर के नीचे भारी भीड़ जमा होने के कारण पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रेमी के सामने आते ही शांत हुई विवाहिता
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि महिला का सासनी निवासी जयप्रकाश उर्फ सेपू के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस प्रेमी जयप्रकाश को मौके पर लेकर आई। जैसे ही पूजा ने अपने प्रेमी को देखा और उससे फोन पर बात की, वह नीचे उतरने को राजी हो गई। उसके सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली और भीड़ को वहां से हटाया।
प्रेम प्रसंग और कहासुनी बनी घटना की वजह
विवाहिता के पिता राजेंद्र के अनुसार, पूजा की शादी दो साल पहले यशपाल से हुई थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं है। पूजा और जयप्रकाश दोनों सासनी के ही रहने वाले हैं और काफी समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिससे नाराज होकर पूजा ने यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस महिला, उसके परिजनों और प्रेमी से गहन पूछताछ कर रही है।


