Cricket News: हाल ही में भारत में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मैच की टिकटों की कालाबाजारी में पुलिस ने एक पूर्व घरेलू क्रिकेटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुंबई अंडर-19 के पूर्व क्रिकेटर बलवंत सिंह स्वरूप सिंह सोढ़ा के रूप में हुई है। 26 वर्षीय सोढ़ा को इस मामले में सातवें आरोपी के तौर पर गिरफ्तार किया गया है।
25 हजार रुपये के दो टिकट बेचे
भारत और इंग्लैंड केबीच सेमीफाइनल मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था। जांच में पता चला है कि सोढ़ा ने 25 हजार रुपये के दो टिकट बेचे थे। हालांकि उसने यह नहीं बताया कि उसने टिकट कैसे हासिल किए। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस टिकटों के स्रोत का पता लगाने और इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच कर रही है।
सोढ़ा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
पुलिस नेसोढ़ा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 318 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अब तक 24 टिकट जब्त किए हैं। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को पत्र लिखकर टिकट बंटवारे का जवाब मांगा गया है। सोढ़ा साल 2019 में मुंबई अंडर-19 टीम के लिए खेले थे। बाद में वह कोच बन गए। पुलिस के अनुसार, सोढ़ा ने अपने नाम का इस्तेमाल कर कालाबाजारी के गिरोह में काम किया। उसने कई खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेला है, जो आज बड़े स्तर पर खेल रहे हैं।


