Maharashtra News: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। तीन साल पहले एक पुलिसकर्मी की मौत को हार्ट अटैक समझकर मामला दबा दिया गया था। लेकिन यह हत्या थी। मृतक के दामाद ने पुलिस के सामने कबूलनामा कर दिया। पुलिस ने अब बेटी और दामाद समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पिता को मिल्कशेक में दिया जहर
25 अप्रैल 2021 कोड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी जयंत बाल्लावार की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। तब लगा कि हार्ट फेलियर से उनकी जान गई। लेकिन मृतक के दामाद आशीष शेडमाके ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उसने बताया कि जयंत बाल्लावार की बेटी आर्या ने ही उन्हें जहर देकर मारा था। आर्या ने अपने ममेरे भाई से 5 हजार रुपये में जहर मंगवाया। फिर पिता को जहर मिला मिल्कशेक पिलाकर उनकी हत्या कर दी।
प्रेम संबंधों के कारण बना रास्ते का रोड़ा
जांच मेंपता चला कि आर्या और आशीष के बीच प्रेम संबंध थे। पिता जयंत इस रिश्ते के खिलाफ थे। वह अपनी बेटी की शादी आशीष से नहीं करना चाहते थे। इसी वजह से आर्या ने अपने पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पिता की मौत के बाद आर्या और आशीष ने शादी कर ली। लेकिन कुछ समय बाद दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए। आशीष की पुलिस नौकरी भी छूट गई।
गुस्से और पछतावे में उगला सच
विवाद इतनाबढ़ गया कि गुस्से और पछतावे में आकर आशीष ने पुलिस को सारा सच बता दिया। पुलिस ने आर्या, आशीष, जहर सप्लाई करने वाले चैतन्य और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। तीन साल पुरानी यह हत्या का राज आखिरकार खुल ही गया। पुलिस आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश कर रही है।


