Delhi News: भारत सरकार के उपभोक्ता मामलों के विभाग द्वारा संचालित ‘ई-जागृति’ प्लेटफार्म ने डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस बेहतरीन प्लेटफार्म को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 में सिल्वर मेडल (रजत पदक) से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलने से विभाग में भारी उत्साह है।
ई-जागृति प्लेटफार्म को यह राष्ट्रीय सम्मान ‘गवर्नमेंट प्रोसेस री-इंजीनियरिंग’ श्रेणी के तहत प्रदान किया गया है। इस डिजिटल प्लेटफार्म ने अपने पहले ही पूरे वित्त वर्ष के दौरान देश के आम नागरिकों और उपभोक्ताओं को राहत देते हुए कामकाज के बेहद शानदार और ऐतिहासिक आंकड़े दर्ज किए हैं।
सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, 1 जनवरी 2025 को औपचारिक रूप से लांच होने के बाद से इस प्लेटफार्म ने पीछे मुड़कर नहीं देखा है। ई-जागृति प्लेटफार्म अब तक देश भर के उपभोक्ताओं की कुल 2,07,997 शिकायतों का ऑनलाइन माध्यम से त्वरित और सफल निपटान कर चुका है।
जानिए क्या हैं राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार?
भारत में डिजिटल शासन और तकनीकी विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कारों को सरकार द्वारा दिया जाने वाला सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण सम्मान माना जाता है। यह पुरस्कार हर साल देश के डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने वाले बेहतरीन सरकारी प्रयासों को सराहने के लिए दिया जाता है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान देश के विभिन्न सरकारी विभागों, केंद्रीय मंत्रालयों, स्थानीय निकायों और सार्वजनिक संगठनों को प्रदान किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं बेहद पारदर्शी, सुलभ और आसान तरीके से पहुंचाने के लिए आधुनिक और उन्नत प्रौद्योगिकी का लाभ उठाना है।
Rashmi Sharma


