‘सौ राहुल गांधी भी आ जाएं तो सरकार नहीं गिरेगी’, बीजेपी का बड़ा हमला- कांग्रेस नेता को बताया ‘भस्मासुर’

Delhi News: भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता को ‘भस्मासुर’ कह दिया। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि देश में अराजकता फैलाने वाला ‘टूलकिट मॉडल’ सिर्फ राहुल गांधी के दिमाग की उपज है।

बीजेपी प्रवक्ता ने प्रेस वार्ता में साफ किया कि केंद्र की मौजूदा सरकार पूरी तरह स्थिर और मजबूत है। उन्होंने सरकार की तुलना अंगद के अडिग पैर से की। गौरव भाटिया ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर सौ राहुल गांधी भी एक साथ आ जाएं, तो भी वे इस मजबूत सरकार को नहीं गिरा पाएंगे।

वैश्विक संकट के बीच मजबूत भारतीय अर्थव्यवस्था

गौरव भाटिया ने राहुल गांधी के बयानों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ वैश्विक संकट के कारण दुनिया के कई बड़े देशों की अर्थव्यवस्थाएं लगातार कमजोर हो रही हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पिछले 85 दिनों से इस वैश्विक आर्थिक चुनौती का बड़ी मजबूती से सामना कर रहा है।

बीजेपी नेता ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था आज भी पूरी तरह मजबूत बनी हुई है। लेकिन कल राहुल गांधी ने एक बैठक के बाद अचानक बयान दिया कि यह सरकार एक साल में गिर जाएगी। उनके इस दावे के तुरंत बाद देश विरोधी ताकतों का एक और विनाशकारी टूलकिट खुलकर सामने आ गया है।

देश में अराजकता फैलाना राहुल गांधी का मकसद

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी का मकसद देश के भीतर सिर्फ विनाशकारी, अराजक और बेवकूफी भरी राजनीति को बढ़ावा देना है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि विपक्ष चाहे अपनी पूरी ताकत लगा ले, लेकिन सरकार देश को और आगे ले जाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध और दृढ़ संकल्पित है।

गौरव भाटिया ने दावा किया कि अगले एक साल के भीतर कांग्रेस पार्टी दो अलग-अलग गुटों में पूरी तरह टूट जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘नकली गांधी परिवार’ के खिलाफ कांग्रेस के अंदर से ही बहुत जल्द बड़ी बगावत शुरू होगी। स्वभाव से हमेशा विरोध करने वाले ये नेता अपनी पार्टी में विरोध देखकर देश छोड़कर भाग जाएंगे।

Author: Harikarishan Sharma

Hot this week

Related Articles

Popular Categories