Vietnam News: वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास एक बड़ा हादसा हुआ है। यहाँ 32 भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में अचानक पलट गई। न्यूज़ एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई है।
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना ‘होन मे रुट न्गोई’ द्वीप के पास हुई। उस समय बोट पर 32 भारतीय नागरिक और चार क्रू मेंबर सवार थे। सभी पर्यटक समुद्र में बोटिंग और वॉटर एक्टिविटी का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक स्पीडबोट ने अपना संतुलन खो दिया और वह पलट गई।
यह स्पीडबोट होन मे रुट द्वीप से एन थोई बंदरगाह की तरफ जा रही थी। किनारे से करीब 400 मीटर पहले ही यह भीषण हादसा हो गया। उस समय समुद्र में मौसम काफी खराब था। तेज और उफनती लहरों के कारण स्थानीय राहतकर्मियों को सर्च ऑपरेशन चलाने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
भारतीय दूतावास ने जारी किए स्पेशल इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर
हादसे की गंभीरता को देखते हुए वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास तुरंत एक्शन में आ गया है। दूतावास ने प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों की मदद के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में स्पेशल इमरजेंसी कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य की निगरानी की जा रही है।
भारतीय अधिकारियों ने पीड़ितों के परिजनों को पल-पल की जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए हैं। फिलहाल स्थानीय पुलिस और प्रशासन हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कर रहे हैं। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

