Shimla News: हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट में सांसद कंगना रनौत के निर्वाचन के खिलाफ दायर याचिका पर अहम सुनवाई हुई। अदालत ने इस मामले में याचिकाकर्ता लायक राम नेगी के गवाहों के बयान दर्ज करने का फैसला लिया है। इसके लिए अदालत ने आगामी 29 सितंबर की तारीख तय की है।
गवाहों के बयान दर्ज करने के लिए रजिस्ट्रार को निर्देश
हाई कोर्ट के आदेश के बाद अब इस पूरे मामले को रजिस्ट्रार (न्यायिक) के सामने पेश किया जाएगा। अतिरिक्त रजिस्ट्रार ने याचिकाकर्ता के सभी गवाहों को तय तारीख के लिए समन जारी करने का हुक्म दिया है। अदालत ने याचिकाकर्ता को भी खुद की जिम्मेदारी पर कोर्ट में उपस्थित रहने को कहा है।
मूल दस्तावेज न होने पर पिछली सुनवाई में मिली थी छूट
न्यायमूर्ति ज्योत्सना रेवाल दुआ के सामने हुई पिछली सुनवाई में याचिकाकर्ता के वकील ने एक आपत्ति उठाई थी। उन्होंने कहा था कि साक्ष्य दर्ज करने की प्रक्रिया रजिस्ट्रार के सामने ही होनी चाहिए। अदालत ने इस मांग को मान लिया था। पिछली बार मूल दस्तावेज न होने से गवाहों को छूट मिली थी।
यह याचिका किन्नौर के लायक राम नेगी ने दायर की है। उनका आरोप है कि चुनाव अधिकारी ने उनका नामांकन पत्र गलत तरीके से खारिज किया था। इस वजह से वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ पाए थे। नेगी ने हाई कोर्ट से कंगना रनौत के चुनाव को तुरंत रद करने की मांग की है।

