Delhi News: बारिश का सुहाना मौसम चिलचिलाती गर्मी से राहत जरूर दिलाता है, लेकिन यह अपने साथ कई तरह की बीमारियां भी लाता है। मॉनसून के दौरान हवा में नमी बढ़ने से बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनपने लगते हैं, जिससे खानपान का विशेष ध्यान रखना जरूरी हो जाता है।
मशहूर नेचुरोपैथी डॉक्टर और डाइट कंसल्टेंट डॉ. निकिता विजय ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर की है। उन्होंने बरसात के दिनों में सेहतमंद रहने के लिए कुछ महत्वपूर्ण टिप्स दिए हैं। डॉक्टर ने ऐसी 10 सब्जियों की सूची बताई है, जिन्हें इस मौसम में खाने से बचना चाहिए।
इन सब्जियों को खाने से हो सकता है नुकसान
डॉ. निकिता के मुताबिक, मॉनसून में पत्तागोभी और फूलगोभी खाने से पूरी तरह परहेज करना चाहिए। इन दोनों सब्जियों की परतों के बीच छोटे-छोटे कीड़े और गंदगी छिपी रहती है, जिन्हें साफ करना बहुत मुश्किल होता है। इसके अलावा, ये पेट में गैस और अपच की समस्या बढ़ा सकती हैं।
पालक, मेथी, सरसों का साग और बथुआ जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों में अत्यधिक नमी के कारण कीटाणु होने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। मेथी और बथुआ पचाने में काफी भारी होते हैं। मशरूम में फफूंद लगने और बैंगन से पेट में इंफेक्शन या एलर्जी होने की संभावना बनी रहती है।
ताजी और मौसमी चीजें ही डाइट में करें शामिल
बरसात के मौसम में भिंडी और परवल भी बहुत जल्दी खराब हो जाते हैं, इसलिए इन्हें खरीदने से पहले इनकी ताजगी जरूर जांच लें। डॉक्टर सलाह देती हैं कि इस मौसम में हमेशा मौसमी और पूरी तरह ताजी सब्जियों को अच्छी तरह धोने और पकाने के बाद ही भोजन में शामिल करें।
इस मौसम में शरीर का पाचन तंत्र थोड़ा कमजोर हो जाता है, इसलिए हमेशा हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन ही खाएं। जिन लोगों को पहले से ही एलर्जी या पेट से जुड़ी कोई परेशानी है, उन्हें इन दिनों खानपान को लेकर एक्स्ट्रा सावधान रहना चाहिए और डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

