Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। गगरेट उपमंडल के अंबोटा गांव में सुबह पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह के बंधन में बंधे वर-वधू शाम को अलग हो गए। दोनों पक्षों ने पुलिस स्टेशन की मौजूदगी में आपसी सहमति से रिश्ता खत्म कर दिया।
दुल्हन ने ससुराल जाने से किया साफ इनकार
युवक और युवती का विवाह प्रसिद्ध बगलामुखी मंदिर में संपन्न हुआ था। इसके बाद जब दुल्हन की विदाई का समय आया, तो उसने ससुराल जाने से पूरी तरह मना कर दिया। दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों पक्षों में काफी बहस हुई और आखिरकार पूरा विवाद पुलिस तक पहुंच गया।
पुलिस की मौजूदगी में दोनों परिवारों ने लिया फैसला
मामला पुलिस के पास पहुंचने के बाद दोनों परिवारों के बीच लंबी बातचीत हुई। वर पक्ष का कहना था कि जब शादी के तुरंत बाद ही दुल्हन साथ चलने को तैयार नहीं है, तो आगे गृहस्थी चलाना बहुत मुश्किल होगा। दोनों पक्षों ने किसी कानूनी पचड़े में पड़े बिना शांति से अलग होना ठीक समझा।
यह अनोखी घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, दुल्हन ने विदाई के समय ससुराल जाने से क्यों मना किया, इसके असली कारणों का पता नहीं चल पाया है। दोनों में से किसी भी परिवार ने इस संबंध में कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है।
