Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी बारिश आफत बनकर बरस रही है। सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में लगातार हो रही बरसात से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और जमीन धंसने के मामलों से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
बोबरी गांव में भरभराकर गिरी मकान के नीचे की दीवार
शिलाई विधानसभा क्षेत्र के बोबरी गांव से एक डरावना वीडियो सामने आया है। यहां तीन दिन से हो रही भारी बारिश के कारण एक मकान के नीचे बनी सुरक्षा दीवार अचानक ढह गई। गनीमत रही कि इस भूस्खलन में ऊपर बने मकान को फिलहाल कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
भूस्खलन की चपेट में आने से दो स्थानीय मंदिर प्रभावित
इस हादसे के कारण गांव में बना शिव मंदिर और महासू देवता मंदिर परिसर गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। भूस्खलन से मंदिर तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह से टूट गया है। वहां नवनिर्मित सामुदायिक भवन की दीवार भी ढह गई है, जिससे भारी नुकसान हुआ है।
निर्माणाधीन मंदिर भवन पर भी गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। इस भयानक मंजर के बाद पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव और मंदिर परिसर को बचाने के लिए तुरंत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

