Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में विकास और विरासत के संगम के बीच एक बेहद भावुक नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब जिले के लिए करोड़ों रुपये की महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया, तो सबसे खास और यादगार पल ‘श्री राम वाटिका’ के उद्घाटन का रहा।
इस भव्य वाटिका का आधिकारिक लोकार्पण किसी बड़े राजनेता या प्रशासनिक अधिकारी ने नहीं किया। इसके बजाय वहां मौजूद दो नन्ही सगी बच्चियों वांची और आची ने मुख्यमंत्री के सानिध्य में इसका फीता काटा। इस अनूठे और संवेदनशील पल ने समारोह में मौजूद हर शख्स का दिल पूरी तरह से जीत लिया।
जनता दर्शन में फरियाद लेकर पहुंचे पिता की तीन घंटे में दूर हुई थी परेशानी
मुख्यमंत्री के साथ फीता काटने वाली छह वर्षीय वांची और उसकी छोटी बहन आची का सीएम योगी से यह स्नेहिल जुड़ाव नया नहीं है। इसके पीछे एक बेहद भावुक कहानी है। मुरादाबाद के रहने वाले इन बच्चियों के पिता अमित कुमार अपनी बड़ी बेटी वांची के स्कूल एडमिशन को लेकर तीन महीने से काफी परेशान चल रहे थे।
इसके बाद, जून 2025 में उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ में अपनी बेटी के साथ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। बच्चों के प्रति विशेष स्नेह रखने वाले मुख्यमंत्री ने न केवल उनकी फरियाद को गंभीरता से सुना था, बल्कि महज तीन घंटे के भीतर उनकी इस बड़ी समस्या का स्थायी समाधान भी कर दिया था।
आरटीई के तहत प्रतिष्ठित स्कूल में दाखिला और मुख्यमंत्री का वात्सल्य
मुख्यमंत्री के त्वरित और कड़े निर्देश पर शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत उसी दिन सोमवार दोपहर को वांची का एडमिशन मुरादाबाद के प्रतिष्ठित ‘सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल’ में करा दिया गया था। श्री राम वाटिका के लोकार्पण के दौरान जब मुख्यमंत्री का भारी सुरक्षा घेरे वाला काफिला कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा, तो उनसे मिलने ये दोनों बच्चियों भी वहां पहुंचीं थीं।
मुख्यमंत्री ने एक पल की भी देरी किए बिना पूरे वात्सल्य के साथ उन दोनों बहनों को अपने पास बुला लिया। इसके बाद उन्होंने उन्हीं नन्हे हाथों से इस भव्य श्री राम वाटिका का फीता कटवाकर इसे आम जनता को समर्पित कर दिया। इस सम्मान को पाकर बच्चियों के चेहरों पर आई मुस्कान की चर्चा अब पूरे प्रदेश के प्रशासनिक हलकों में हो रही है।

