Bengaluru News: कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा एक बार फिर अपने सख्त तेवरों के कारण चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर पशुपालन विभाग के अधिकारियों की क्लास लगा दी। मंत्री ने लापरवाही बरतने और बैठक में बिना किसी डेटा के आने पर अफसरों को जमकर फटकार लगाई।
लापरवाही पर भड़के मंत्री ने अधिकारी को सस्पेंड करने का दिया निर्देश
समीक्षा बैठक में कुल 19 अधिकारी शामिल हुए थे। मंत्री ने उनसे पूछा कि क्या आप लोग यहां मजाक करने आए हैं? उन्होंने पूछा कि पिछले पांच साल में नसबंदी पर कितना बजट खर्च हुआ? जब अधिकारी सही डेटा नहीं दे पाए, तो मंत्री ने जिम्मेदार अधिकारी को तुरंत सस्पेंड करने का आदेश दिया।
कन्नड़ मुहावरे का इस्तेमाल कर अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
कृष्णा बायरे ने कहा कि करीब 20 साल से नसबंदी कार्यक्रम चल रहा है, फिर भी आवारा कुत्तों की संख्या क्यों नहीं घटी? अधिकारियों के गोलमोल जवाबों को खारिज करते हुए उन्होंने कन्नड़ मुहावरे में कहा कि क्या मेरे कान में फूल लगे हैं? यानी मुझे बेवकूफ मत समझो और तुरंत काम का पूरा हिसाब दो।
नसबंदी का लक्ष्य दोगुना करने और ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश
ब्यतरायनपुरा से विधायक कृष्णा बायरे अधिकारियों और ठेकेदारों के प्रति सख्त रवैये के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब नसबंदी के टारगेट को दोगुना करने का निर्देश दिया है। इससे पहले भी उन्होंने एक सड़क के खराब काम के लिए जिम्मेदार अधिकारी को सस्पेंड और ठेकेदार पर भारी जुर्माना लगाया था।

