Rajasthan News: पश्चिम एशिया के तनावपूर्ण माहौल के बीच भारत को ऊर्जा क्षेत्र में एक बहुत बड़ी कामयाबी मिली है। सरकारी क्षेत्र की महारत्न कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) ने राजस्थान के जैसलमेर स्थित दांडेवाला फील्ड में प्राकृतिक गैस का एक नया भंडार खोज निकाला है। यह बड़ी सफलता देश को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर ले जाएगी।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक्स पर दी जानकारी
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शनिवार को इस बड़ी उपलब्धि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दांडेवाला फील्ड में कम गहराई पर मौजूद ‘सानू फॉर्मेशन’ से पहली बार कमर्शियल गैस का प्रवाह शुरू हुआ है। इसकी शुरुआती उत्पादन दर बेहद शानदार है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस नए कुएं से अब हर दिन लगभग 25,000 स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्राकृतिक गैस का उत्पादन हो रहा है। उन्होंने इस खोज को घरेलू हाइड्रोकार्बन उत्पादन क्षमता को मजबूत करने वाला बताया। इस खोज से भारत की विदेशी आयात पर निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी।
चौथी तिमाही में ऑयल इंडिया को हुआ बंपर मुनाफा
इस बीच ऑयल इंडिया ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के शानदार वित्तीय नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का शुद्ध लाभ पिछली तिमाही के मुकाबले 76 फीसदी की भारी बढ़त के साथ सामने आया है। वहीं इस दौरान कंपनी का कुल रेवेन्यू भी 10 फीसदी बढ़कर 10,013 करोड़ रुपये पहुंच गया।
कंपनी के परिचालन प्रदर्शन में भी काफी अच्छा सुधार देखने को मिला है। ऑयल इंडिया का कामकाजी मुनाफा यानी EBITDA भी 31 फीसदी बढ़कर 3,281 करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा बेहतर मैनेजमेंट के कारण कंपनी का EBITDA मार्जिन भी सुधरकर 32.8 फीसदी के मजबूत स्तर पर पहुंच गया है।
निवेशकों को पांच साल में मिला 450 फीसदी रिटर्न
शेयर बाजार की बात करें तो शुक्रवार को एनएसई (NSE) पर कंपनी का शेयर मामूली गिरावट के साथ 500.45 रुपये पर बंद हुआ था। हालांकि इस सरकारी पीएसयू स्टॉक ने लंबी अवधि में अपने निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। पिछले छह महीनों में ही इसमें 20 फीसदी की तेजी आई है।
अगर एक साल के प्रदर्शन को देखें तो इस शेयर ने निवेशकों का पैसा 20 फीसदी तक बढ़ाया है। वहीं पिछले पांच साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस स्टॉक ने निवेशकों को 450 फीसदी से भी ज्यादा का छप्परफाड़ रिटर्न दिया है। एक्सपर्ट्स इस नई खोज के बाद शेयर में तेजी की उम्मीद कर रहे हैं।
Author: Manish Rathore

