Panchmahal News: गुजरात के प्रसिद्ध तीर्थस्थल पावागढ़ की पहाड़ियों पर शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरक गया। भूस्खलन के कारण बड़े-बड़े पत्थर और भारी मलबा नीचे आ गिरा, जिसने कई श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया।
दर्शन के लिए चढ़ रहे भक्तों पर गिरी आफत
यह खौफनाक हादसा सुबह करीब 5:00 बजे पाटियापुल के पास हुआ। उस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता जी के दर्शन के लिए पहाड़ी के रास्ते ऊपर चढ़ रहे थे। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मिट्टी बेहद ढीली हो चुकी थी। अचानक ऊपर से गिरे पत्थरों की रफ्तार इतनी तेज थी कि यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
मलबे से दो शव बरामद, मची चीख-पुकार
इस अचानक आई आपदा के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। मलबे के नीचे कई श्रद्धालुओं के दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान प्रशासन ने अब तक दो यात्रियों के शव बाहर निकाल लिए हैं। मलबे की चपेट में आने से घायल हुए लोगों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युद्ध स्तर पर शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पावागढ़ पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पत्थरों को हटाने और फंसे लोगों को निकालने के लिए रोप-वे की टेक्निकल टीम की भी मदद ली जा रही है। लापता श्रद्धालुओं की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने जारी की सख्त चेतावनी
लगातार हो रही बारिश के कारण पावागढ़ की पहाड़ियों पर भूस्खलन का खतरा अब भी बना हुआ है। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे खराब मौसम और तेज बारिश के दौरान पहाड़ी पर चढ़ने से बचें। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
Author: Smit Patel

