Uttar Pradesh News: धार्मिक नगरी मथुरा के राधाकुंड क्षेत्र में गिरफ्तार हुए ‘आईआईटियन बाबा’ उर्फ अभिषेक मिश्रा के काले कारनामों के नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर चार और युवतियों के साथ उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच बहुत तेज कर दी है।
भोली-भाली लड़कियों को बनाता था शिकार
ओडिशा का रहने वाला आरोपी अभिषेक मिश्रा आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग पास आउट है। वह पिछले चार साल से राधाकुंड इलाके में भेष बदलकर रह रहा था। वह खुद को बड़ा कथावाचक और धार्मिक कथाकार बताकर लोगों के बीच अपना आध्यात्मिक प्रभाव जमाता था।
आरोपी खुद को भगवान श्रीकृष्ण का साक्षात अवतार बताता था। वह मोक्ष और आध्यात्मिक साधना का झांसा देकर भोली-भाली युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद वह लड़कियों को दूध में नशीला पदार्थ देकर उनके साथ गंधर्व विवाह रचाने के नाम पर दुष्कर्म की वारदात करता था।
मध्य प्रदेश की युवती ने खोला राज
गोवर्धन में किराए के कमरे पर रहने वाली मध्य प्रदेश की एक पीड़ित युवती ने हिम्मत दिखाकर इस पाखंडी बाबा के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक जून की देर शाम आरोपी को दबोच लिया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए, तो होश उड़ाने वाले साक्ष्य मिले। पुलिस को उसके पास से देश के विभिन्न राज्यों की करीब 24 से अधिक युवतियों के शोषण से जुड़े पुख्ता सबूत मिले हैं।
पुलिस ने बढ़ाया जांच का दायरा
इंटरनेट मीडिया पर हाल ही में सामने आईं चार नई युवतियों की तस्वीरों के बाद साइबर सेल ने अपनी जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। पुलिस इन लड़कियों की पहचान करने के लिए अन्य राज्यों की पुलिस से भी लगातार संपर्क साधने की कोशिश कर रही है।
पकड़े गए गैजेट्स की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद पीड़िताओं की संख्या और अधिक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि मामले की गहनता से विवेचना जारी है ताकि अदालत से आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।
Author: Ajay Mishra

