Uttar Pradesh News: लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र में आधी रात को वाहन चेकिंग के दौरान एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक बेकाबू ऑटो रिक्शा चालक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को बेरहमी से टक्कर मार दी और कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
इस भीषण हादसे में यूपी पुलिस का एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिपाही के बाएं पैर की जांघ की हड्डी टूट गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बाईपास चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की हो रही थी चेकिंग
दुबग्गा थाने में तैनात पीड़ित रिक्रूट आरक्षी भानू प्रताप द्विवेदी ने आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि नौ जून की रात करीब 10 बजे वह कस्बा चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ सीतापुर बाईपास चौराहे पर मुस्तैद थे।
सभी पुलिसकर्मी वहां आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच कर रहे थे। इसी बीच सुरक्षाकर्मियों ने एक संदिग्ध बजाज ऑटो-रिक्शा, जिसका नंबर यूपी-32 वाईएन-7266 था, उसे रुकने का इशारा किया।
आरोप है कि चालक ने पुलिस का इशारा देखकर वाहन रोकने के बजाय उसकी गति और तेज कर दी। उसने सीधे सिपाही की तरफ ऑटो दौड़ा दिया। सिपाही ने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए।
आपरेशन के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
तेज रफ्तार ऑटो ने सिपाही को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित होकर ऑटो उनके ऊपर ही पलट गया। इस हादसे के बाद आरोपी चालक अपना वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने घायल सिपाही को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद पैर की हड्डी टूटने की पुष्टि की। अस्पताल में आपरेशन कर सिपाही की जांघ की हड्डी जोड़ी गई है।
स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार होने के बाद पीड़ित सिपाही ने मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। दुबग्गा इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
Author: Ajay Mishra

