Himachal Pradesh News: कांगड़ा जिले में मंडी-पठानकोट फोरलेन मार्ग पर शाहपुर के पास पुहाड़ा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ खोली खड्ड पर बने पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक की पहचान रेहलू के किला गांव निवासी 45 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि व्यक्ति पुल से करीब 80 फीट की ऊंचाई से नीचे खड्ड में गिरा है। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने पुल के नीचे शव देखा, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
परिजनों ने लगाया हत्या की साजिश का आरोप, हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से साफ इनकार कर दिया है। लोग इसे एक सोची-समझी गहरी साजिश करार दे रहे हैं। वारदात के विरोध में गुस्साए ग्रामीणों ने फोरलेन मार्ग पर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमकर हंगामा करते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मृतक पवन कुमार पेशे से मिस्त्री का काम करता था। वह किसी काम के सिलसिले में चम्बा गया था और वहां से चम्बा-शिमला रूट की बस से वापस अपने घर लौट रहा था।
शाहपुर की जगह गलती से पुहाड़ा में उतरा था मृतक, रात को हुई थी आखिरी बात
परिजनों के अनुसार पवन कुमार को शाहपुर बस स्टॉप पर उतरना था, लेकिन वह गलती से दो किलोमीटर आगे पुहाड़ा में उतर गया। रात को फोन पर उसकी परिवार से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उसने बताया था कि वह पुहाड़ा से पैदल ही घर के लिए रवाना हो रहा है।
जब पवन देर रात तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सुबह उसका शव मिलने से कई तरह की गंभीर आशंकाएं जताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी तुरंत मौके पर पहुंचे।
विधायक ने पीड़ित परिवार से मिलकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को तुरंत गहनता से जांच करने के कड़े निर्देश दिए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है।

