Hyderabad News: हैदराबाद के एक प्राइवेट स्कूल में बच्चों को होमवर्क में कलमा और फातिहा पढ़ने के लिए कहने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में तेलंगाना बीजेपी के नेता अंडेला श्रीरामुलु यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ स्कूल के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
विवाद बढ़ने के बाद स्कूल मैनेजमेंट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित महिला टीचर को नौकरी से हटा दिया है। हैदराबाद पुलिस के चारमीनार जोन के डीसीपी किरण प्रभाकर खरे ने बताया कि बुधवार को ‘सक्सेस स्कूल’ में यह अजीब वाकया देखने को मिला।
टीचर की यह हरकत शिक्षा नीति के पूरी तरह खिलाफ
पुलिस के अनुसार, इस स्कूल की दूसरी क्लास की टीचर ने बच्चों को यह होमवर्क दिया था। उस क्लास में कुल 25 छात्र पढ़ते हैं, जिनमें से केवल एक बच्चा हिंदू है। डीसीपी ने साफ किया कि टीचर की यह हरकत शिक्षा नीति और स्कूल के नियमों के खिलाफ है।
मामले की जानकारी मिलते ही हिंदू छात्रों के परिजनों ने पुलिस स्टेशन में अपनी बात रखी। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से भी इस व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके बाद ही स्कूल मैनेजमेंट ने सख्त रुख अपनाते हुए महिला टीचर को तत्काल प्रभाव से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
पुलिस ने 30 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
डीसीपी ने बताया कि पुलिस इलाके के हालात पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने जनता से अपील की है कि समाज में नफरत फैलाने की कोई जरूरत नहीं है। स्कूल के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 30 से अधिक लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया है।
फिलहाल मौके पर पूरी तरह शांति बनी हुई है। बच्चों के माता-पिता ने पुलिस को लिखित बयान दिया है कि उन्हें स्कूल के मैनेजमेंट से अब कोई शिकायत नहीं है। परिजनों की संतुष्टि के बाद पुलिस ने इस मामले में अभी कोई आधिकारिक केस दर्ज नहीं किया है।

