हिमाचल प्रदेश प्रवेश शुल्क पर बढ़ा विवाद, पंजाब के संगठनों ने किया अनिश्चितकालीन आंदोलन का एलान, ढेरोंवाल नाके पर लगेगा पक्का मोर्चा

Nalagarh News: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बाहरी राज्यों के वाहनों पर लगाए गए प्रवेश शुल्क (एंट्री टैक्स) को लेकर विवाद फिर गहरा गया है। इस टैक्स वसूली के विरोध में पड़ोसी राज्य पंजाब के नूरपुर बेदी से एक बार फिर बड़ा आंदोलन शुरू हो गया है। विभिन्न यूनियनों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

- Advertisement -

ढेरोंवाल एंट्री टोल नाके पर लगेगा पक्का मोर्चा

विभिन्न किसान संगठनों, टैक्सी यूनियनों और निहंग सिंह जत्थेबंदियों ने राज्य सरकार के खिलाफ एकजुट होकर बड़े प्रदर्शन की रणनीति बनाई है। प्रदर्शनकारियों ने आगामी 26 जुलाई से घनौली-नालागढ़ राजकीय राजमार्ग (स्टेट हाईवे) पर स्थित ढेरोंवाल प्रवेश टोल नाके पर अनिश्चितकालीन पक्का मोर्चा लगाने का सार्वजनिक रूप से एलान किया है।

इस बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के लिए नूरपुर बेदी के पुराने बस स्टैंड चौक पर एक विशाल रोष प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में पंजाब मोर्चा, किरती किसान मोर्चा, भारतीय किसान यूनियन (बहरामके), आजाद टैक्सी यूनियन और स्थानीय टैक्सी ऑपरेटरों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

सीमावर्ती जिलों को टैक्स से पूरी तरह मुक्त करने की मांग

प्रदर्शन के दौरान विभिन्न किसान और टैक्सी नेताओं ने वर्तमान नीति की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि रूपनगर, मोहाली, पठानकोट और होशियारपुर जैसे सीमावर्ती जिलों के वाणिज्यिक वाहनों को हिमाचल सरकार तुरंत इस टैक्स से पूरी तरह मुक्त करे। जब तक यह राहत नहीं मिलती, तब तक उनका यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

- Advertisement -

विरोध प्रदर्शन में शामिल मुख्य पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि प्रवेश शुल्क के कारण दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों के व्यापार और आम जनता पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है। यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया, तो वे इस चक्का जाम आंदोलन को और उग्र करेंगे।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles