Crime News: जीवन नगर स्थित मेन पंपिंग स्टेशन (एमपीएस) में मंगलवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। यहां सफाई कार्य के दौरान अचानक निकली जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे ममेरे-फुफेरे भाइयों की दम घुटने से मौत हो गई।
एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में गई जान
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी अनमोल और उसके ममेरे भाई आकाश गौतम के रूप में हुई है। ये दोनों नगर निगम के तहत रखरखाव का काम देख रहे एक प्राइवेट ठेकेदार के पास ऑपरेटर और सीवर मैन हेल्पर के पद पर तैनात थे और इसी परिसर में रहते थे।
मंगलवार की सुबह चेंबर की सफाई करने के लिए सबसे पहले आकाश नीचे उतरा था। इसी दौरान अचानक उसकी सेफ्टी बेल्ट टूट गई और वह अंदर ही फंस गया। अपने भाई को संकट में देखकर अनमोल भी उसे बचाने के लिए तुरंत नीचे कूद गया, लेकिन जहरीली गैस के कारण दोनों अंदर ही रह गए।
खराब मशीनें और बिना सुरक्षा उपकरणों के काम
मृतक अनमोल के भाई शिवम कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि प्लांट में गंदे पानी से कचरा निकालने वाली मशीनें काफी लंबे समय से पूरी तरह खराब थीं। इस खराबी के कारण ही कर्मचारियों को अपनी जान जोखिम में डालकर बार-बार नीचे चेंबर में उतरना पड़ता था।
शिकायत में यह भी खुलासा हुआ है कि ठेकेदार को इस खराबी के बारे में कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया था। इसके बावजूद ठेकेदार ने मशीनों की मरम्मत नहीं कराई और न ही कर्मचारियों को कोई ऑक्सीजन मास्क, सुरक्षा उपकरण या अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
<
ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने एक और साथी विपिन को नीचे उतारा। लेकिन जैसे ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, उसे तुरंत बाहर खींच लिया गया जिससे उसकी जान बच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला।
पुलिस ने पीड़ित भाई शिवम की शिकायत को बेहद गंभीरता से लिया है। पुलिस ने लापरवाही बरतने और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने के आरोप में प्राइवेट ठेकेदार गिरिधारी लाल के खिलाफ लापरवाही से मौत का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
Author: Ajay Mishra


