Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देते हुए महज चौबीस घंटे के भीतर दूसरा मर्डर हुआ है। राजधानी शिमला के संजौली में हुई सनसनीखेज वारदात के तुरंत बाद अब चंबा जिले की चुराह वैली में एक छब्बीस वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
पुलिस टीम ने मृतक युवक का शव एक सुनसान कल्हेल पुल के नीचे गहरे नाले से बरामद किया है। इस खौफनाक वारदात से भड़के परिजनों और ग्रामीणों ने चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर शव रखकर भारी प्रदर्शन किया। लोगों ने करीब तीन घंटे तक मुख्य हाईवे को पूरी तरह जाम रखा।
किराए के कमरे से 26 किलोमीटर दूर नाले में फेंका ड्राइवर का शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह राहगीरों ने कल्हेल पुल के नीचे नाले में एक अज्ञात लाश देखी। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त हरविन्द्र सिंह के रूप में की है। वह राख मलोगा गांव का रहने वाला था और भंजराडू में एक स्थानीय व्यापारी के पास ड्राइवर की नौकरी करता था।
हरविन्द्र वहीं बाजार के पास एक किराए के कमरे में अकेले रहता था। हैरान करने वाली बात यह है कि उसका शव उसके कमरे से करीब छब्बीस किलोमीटर दूर सुनसान नाले से मिला। इसी कारण पुलिस और परिजनों को शुरू से ही यह मामला पूरी तरह संदिग्ध और सुनियोजित लग रहा था।
गुस्साए ग्रामीणों ने कल्हेल पुल पर लगाया जाम और न्याय की उठाई मांग
हरविन्द्र की मौत की खबर मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण कल्हेल पुल पर एकत्र हो गए। परिजनों ने इसे सड़क दुर्घटना या सामान्य मौत मानने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने सीधे तौर पर मर्डर की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
न्याय की मांग को लेकर गुस्साए लोगों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। इससे चंबा-तीसा मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बिगड़ते हालातों को देखकर तीसा थाना प्रभारी ने तुरंत पुलिस बल के साथ प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
फॉरेंसिक टीम करेगी वैज्ञानिक जांच और हिरासत में लिए गए तीन आरोपी
थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि मामले की वैज्ञानिक जांच स्टेट फॉरेंसिक लैब की विशेषज्ञ टीम से करवाई जाएगी। इस पुख्ता भरोसे के बाद ही ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त किया। तीसा थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस टीम इस समय पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई जा सके। पुलिस वारदात के असली कारणों का पता लगाने के लिए कॉल रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। इस घटना से पूरे चंबा जिले में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।
Reported By: Sunita Gupta


