साउथ दिल्ली में सनसनी! डॉक्टर के घर काम करने वाली महिला की बेरहमी से हत्या, छत पर खून से लथपथ मिला शव

Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके माउंट कैलाश में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक डॉक्टर के घर में पिछले 10 सालों से घरेलू सहायिका का काम करने वाली 45 वर्षीय महिला की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई।

मृतक महिला की पहचान मीना हलदर के रूप में हुई है, जो मूलरूप से पश्चिम बंगाल के बनगांव की रहने वाली थीं। वह दक्षिणी दिल्ली के गढ़ी इलाके के प्रकाश मोहल्ले में अपने बेटे राबिन हलदर, बेटी पपिहा और बहू सुपर्णा हलदर के साथ रह रही थीं।

मृतका की बहू सुपर्णा भी उसी इलाके में घरेलू सहायिका का काम करती हैं। सुपर्णा ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे जब वह काम पर पहुंचीं, तो उन्हें अपनी सास के साथ हुई इस खौफनाक वारदात की जानकारी मिली। जब वह मौके पर गईं, तो नजारा देखकर दंग रह गईं।

डॉक्टर के घर की छत पर बिखरा था खून ही खून

बहु सुपर्णा जब माउंट कैलाश स्थित मकान नंबर ए-69 की छत पर पहुंचीं, तो वहां मीना हलदर का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। मृतका का सिर ऊपर से पूरी तरह फटा हुआ था और उनके शरीर पर गंभीर चोटों के कई गहरे निशान मौजूद थे।

नेहरू प्लेस में प्राइवेट नौकरी करने वाले मृतका के बेटे राबिन हलदर को जब दोस्तों ने इस घटना की सूचना दी, तो वह तुरंत मौके पर पहुंचे। राबिन ने रोते हुए कहा कि उनकी मां बेहद सीधी थीं और उनका कभी किसी से कोई विवाद नहीं रहा था।

जिस मकान में यह जघन्य हत्याकांड हुआ, वह एक डॉक्टर का है। उक्त डॉक्टर का मुख्य क्लिनिक साकेत इलाके में है, जबकि वह अपने इस घर से भी प्रैक्टिस चलाता है। महिला पिछले एक दशक से पूरी वफादारी के साथ इस डॉक्टर के घर पर काम कर रही थी।

परिजनों का भारी हंगामा और पुलिस से तीखी झड़प

इस खौफनाक हत्याकांड की खबर फैलते ही मृतका के परिजनों और स्थानीय रिश्तेदारों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल के पास ही मुख्य सड़क पर शव को रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपी को मौके पर ही कड़ी सजा देने की मांग की।

प्रदर्शनकारी इस बात से बेहद हैरान थे कि आखिर एक बेकसूर और गरीब कामकाजी महिला की इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की गई। हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय एसएचओ समेत जिले के डीसीपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी चारों तरफ से घेर लिया।

इलाके में तनाव बढ़ता देख भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत और समझा-बुझाकर आक्रोशित प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर डॉक्टर और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

Author: Raj Thakur

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories