Maharashtra News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में बुधवार रात एक दुकान से पिज्जा खाना लोगों को बहुत भारी पड़ गया। फास्ट फूड खाने के बाद बच्चों समेत करीब 34 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। शुक्रवार को स्थानीय पुलिस ने इस बड़े फूड प्वाइजनिंग मामले की आधिकारिक जानकारी दी है।
बुधवार रात दुकान से खरीदा था पिज्जा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह पूरी घटना भिवंडी इलाके की है। जहां पीड़ित परिवारों ने बुधवार की रात को एक स्थानीय दुकान से पिज्जा खरीदकर खाया था। इसे खाने के बाद अगले दिन गुरुवार शाम से ही लोगों का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ने लगा और वे अस्पताल भागने लगे।
गुरुवार शाम करीब छह बजे से ही मरीजों को उल्टी, पेट दर्द, चक्कर और दस्त की तेज शिकायत होने लगी थी। इसके तुरंत बाद ही पीड़ितों को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीमार लोगों में काफी संख्या में छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
सरकारी अस्पताल में भर्ती सभी मरीज खतरे से बाहर
अस्पताल प्रशासन के अनुसार बीमार लोगों के आने का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक लगातार जारी रहा। भिवंडी के सरकारी अस्पताल में कुल 34 मरीजों को तुरंत भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों की टीम ने बताया कि फिलहाल सभी मरीज पूरी तरह खतरे से बाहर हैं।
इस गंभीर मामले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस ने पिज्जा दुकान के मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस टीम ने दुकान से सैंपल लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Author: Sachin Kulkarni


