Pithoragarh News: भारत-नेपाल सीमा से लगे झूलाघाट कस्बे से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला और एक नाबालिग किशोरी ने एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसम खाई। इसके बाद दोनों ने काली नदी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
गनीमत यह रही कि उत्तराखंड पुलिस की सतर्कता के कारण समय रहते दोनों को नदी में छलांग लगाने से ठीक पहले सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों के बयानों से जो सच सामने आया, उसने अधिकारियों के साथ-साथ उनके परिजनों के भी होश उड़ा दिए हैं।
पुलिस कोतवाली में खुला समलैंगिक प्रेम का राज
पूरे घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब पिथौरागढ़ की रहने वाली 28 वर्षीय विवाहिता झूलाघाट कोतवाली पहुंची। उसने पुलिस से कहा कि वह पुरानी बाजार की एक 17 वर्षीय किशोरी से बात करना चाहती है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नाबालिग किशोरी को उसके परिजनों के साथ कोतवाली बुलाया।
कोतवाली में दोनों पक्षों की मौजूदगी में महिला ने कबूल किया कि वे दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करती हैं। दोनों के बयानों से साफ हो गया कि यह समलैंगिक प्रेम का मामला है। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने दोनों को काफी समझाया और आगे से दूर रहने की हिदायत दी।
काउंसलिंग के बाद शुरुआत में स्थिति सामान्य नजर आई। मगर, रात होते-होते दोनों छिपकर झूलाघाट स्थित श्मशान घाट के पास पहुंच गईं। वे वहां उफनती काली नदी में कूदकर अपनी जान देने जा रही थीं। इसकी भनक लगते ही पुलिस टीम तुरंत उनके पीछे दौड़ी।
कोतवाली के एएसआई संतोष कठायत महिला कांस्टेबलों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने दोनों को नदी में कूदने से ठीक पहले अपने नियंत्रण में ले लिया। इस दौरान भी दोनों एक-दूसरे के बिना न जीने की जिद पर अड़ी रहीं और लगातार हंगामा करती रहीं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने दोनों को रातभर महिला पुलिसकर्मियों की कड़ी निगरानी में रखा। बताया जा रहा है कि शादीशुदा महिला का पति दिल्ली के एक होटल में काम करता है। वह महिला एक छह साल की मासूम बेटी की मां भी है।
वहीं, दूसरी तरफ नाबालिग किशोरी अभी कक्षा 12वीं की छात्रा है और घर पर ही रहकर पढ़ाई करती है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विवाहिता महिला को शुक्रवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के समक्ष पेश किया जाएगा। वहीं, नाबालिग किशोरी को काउंसलिंग के बाद बाल सुधार कल्याण गृह भेजा जा रहा है।
Author: Harish Rawat


