Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चार बच्चों की 40 वर्षीय महिला 14 साल के किशोर से प्यार का दावा करते हुए थाने पहुंच गई। महिला ने किशोर को अपना पति बताते हुए उसके साथ रहने की जिद पकड़ ली। पुलिस कई घंटे तक इस मामले को सुलझाने में जुटी रही।
नौतनवा थाने में पहुंचे इस मामले ने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया। महिला का सबसे बड़ा बेटा 19 साल का बताया जा रहा है। इसके बावजूद महिला किशोर के साथ रहने की मांग करती रही। किशोर और उसके परिवार ने जब इस रिश्ते से इनकार किया तो महिला ने थाने में पहुंचकर बेवफाई के आरोप लगाने शुरू कर दिए।
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई थी दोनों की बातचीत
जानकारी के अनुसार गोरखपुर की रहने वाली महिला इंस्टाग्राम पर रील बनाकर पोस्ट करती थी। 14 वर्षीय किशोर उसकी रील को लगातार लाइक और शेयर करता था। इसी दौरान दोनों के बीच चैटिंग शुरू हुई। बाद में दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और नियमित बातचीत होने लगी।
धीरे-धीरे महिला किशोर के बेहद करीब आ गई। पुलिस के मुताबिक महिला का दावा है कि दोनों के बीच मुलाकातें भी हुईं। महिला ने कहा कि किशोर फरवरी में चेन्नई से गोरखपुर आया था। इसी दौरान दोनों ने कई बार मुलाकात की और रिश्ता गहरा हो गया।
महिला ने शादी का भी किया दावा
महिला का आरोप है कि मुलाकातों के दौरान किशोर ने उससे शादी की थी। हालांकि किशोर और उसके परिवार ने इस दावे को स्वीकार नहीं किया। महिला का कहना है कि कुछ समय बाद किशोर ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। उसने फोन उठाना और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देना भी बंद कर दिया।
किशोर के व्यवहार से नाराज महिला सीधे नौतनवा थाने पहुंच गई। उसने पुलिस के सामने पूरी कहानी सुनाई और किशोर को बुलाने की मांग की। पुलिस ने पहले महिला को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने उसे सामाजिक और कानूनी पहलुओं की जानकारी भी दी, लेकिन महिला अपनी बात पर अड़ी रही।
घंटों चली बातचीत के बाद सुलझा मामला
मामला बढ़ता देख पुलिस ने किशोर और उसके परिवार से संपर्क किया। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। कई घंटे चली बातचीत और समझाइश के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। पुलिस के अनुसार दोनों ने फिलहाल एक-दूसरे से संपर्क नहीं करने का फैसला किया है।
नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि महिला और किशोर पक्ष को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई गई। समझौते के बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गए। पुलिस ने मामले को आपसी सहमति से समाप्त करा दिया है और फिलहाल किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
Author: Raj Thakur

