Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने प्रताप चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से 17.98 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले को पूरी तरह सुलझा लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
बसंत पार्क के पास से दबोचे गए आरोपी
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की विशेष टीमों ने दोनों आरोपियों को जस्सा सिंह रामगढ़िया चौक (नजदीक बसंत पार्क) से दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 13 लाख 75 हजार 700 रुपये की भारी नकदी बरामद हुई है।
इसके साथ ही चोरी के पैसों से खरीदे गए दो चमचमाते नए मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP देहाती) जसकिरणजीत सिंह तेजा की अगुवाई में थाना डिवीजन नंबर 6 के मुख्य अफसर इंस्पेक्टर राजिंदरपाल सिंह की पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को बेनकाब किया है।
गर्मी में ठंडी हवा खाने के बहाने रेकी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय सुधांशु महाजन उर्फ शैंटी और 19 वर्षीय वसीम खान उर्फ मोटू के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी लुधियाना में मजदूरी करते थे। मुख्य आरोपी सुधांशु भीषण गर्मी के कारण रात को एटीएम केबिन के भीतर सो जाता था।
एटीएम केबिन में सोने के कारण उसे वहां की सुरक्षा और माहौल की पूरी समझ हो गई थी। पिछले कुछ दिनों से काम मंदा होने के कारण उसके मन में लालच आ गया। उसने क्रेन व कटर मैकेनिज्म की समझ का इस्तेमाल कर एटीएम को काटने की पूरी योजना तैयार की।
कटर से काटी कैश ट्रे और उड़ाए लाखों
योजना के मुताबिक 12 और 13 जून 2026 की दरमियानी रात को सुधांशु ने अपने साथी वसीम खान को साथ लिया। दोनों ने आधी रात को एटीएम में घुसकर कटर से मुख्य कैश ट्रे को तोड़ डाला। आरोपी मशीन से करीब 17 लाख 98 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए थे।
बैंक की वरिष्ठ मैनेजर नीलम रानी की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। इंस्पेक्टर राजिंदरपाल सिंह की टीम ने आधुनिक तकनीकी साधनों और खुफिया इनपुट की मदद से 18 जून 2026 को दोनों को धर दबोचा। पुलिस अब रिमांड लेकर आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
Author: Raj Thakur


