Telangana News: केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे भगीरथ को यौन उत्पीड़न के एक गंभीर मामले में बड़ा झटका लगा है। पोक्सो (POCSO) मामले में घिरे भगीरथ को शनिवार रात गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया। जहां मजिस्ट्रेट ने उसे 29 मई तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में भगीरथ के वकील करुणा सागर ने पुलिस के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में साफ कहा कि पुलिस गिरफ्तारी का पूरी तरह से झूठा दावा कर रही है। हकीकत यह है कि भगीरथ ने खुद पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है।
जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग लड़की की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कड़ी कार्रवाई की है। आरोपी भगीरथ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण करने वाले सख्त कानून पोक्सो (POCSO) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
लड़की के परिवार पर लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि केंद्रीय मंत्री के बेटे भगीरथ ने उनकी नाबालिग बेटी का यौन उत्पीड़न किया था। वहीं दूसरी तरफ, इस मामले में भगीरथ ने भी पुलिस में एक जवाबी शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने लड़की और उसके माता-पिता पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।
भगीरथ का आरोप है कि लड़की और उसके माता-पिता लगातार उस पर शादी करने का अनुचित दबाव बना रहे थे। जब उसने शादी के इस प्रस्ताव को साफ ठुकरा दिया, तो लड़की के माता-पिता मोटी रकम की मांग करने लगे। पैसे न देने पर उन्होंने झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी थी।
इस पूरे सियासी और कानूनी विवाद पर केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने कोई भी गलत काम नहीं किया है। उन्हें देश की कानूनी प्रणाली पर पूरा भरोसा है और वे अदालत के माध्यम से खुद को पूरी तरह निर्दोष साबित करेंगे।
Author: Srinivas Rao

