सनसनीखेज: मशहूर कॉमेडियन वीर दास को जेप्टो ने थमाई 50 हजार की नकली एप्पल वॉच, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

Mumbai News: मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता वीर दास के साथ ऑनलाइन शॉपिंग में एक बड़ा धोखा होने का मामला सामने आया है। उन्होंने क्विक कॉमर्स डिलीवरी ऐप जेप्टो (Zepto) से करीब 50 हजार रुपये की एक एप्पल वॉच ऑर्डर की थी। लेकिन कंपनी ने उन्हें असली घड़ी की जगह चीन की बनी नकली एप्पल वॉच डिलीवर कर दी।

वीर दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस फर्जीवाड़े का एक वीडियो शेयर कर कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे एक सोची-समझी धोखाधड़ी करार दिया। शुरुआत में जब उन्होंने जेप्टो के कस्टमर केयर से संपर्क किया, तो एजेंट ने मदद करने से साफ इनकार कर दिया था।

वीर दास ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि एक जरूरी शूट के लिए उन्हें तुरंत इस घड़ी की आवश्यकता थी। उन्होंने इसके लिए पूरे 50 हजार रुपये का भुगतान किया था। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या सभी एप्पल वॉच ऐसी ही दिखती हैं या जेप्टो वाले चाइना की कॉपी बेच रहे हैं?

सोशल मीडिया पर पोस्ट होते ही मचा हड़कंप

एक्स पर 7.1 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स वाले वीर दास की यह पोस्ट जैसे ही वायरल हुई, इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। विवाद बढ़ता देख जेप्टो केयर्स तुरंत हरकत में आया। कंपनी ने पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए वीर दास से माफी मांगी और सीधे मैसेज (DM) में ऑर्डर की जानकारी मांगी।

सोशल मीडिया पर बदनामी के डर से कंपनी ने कुछ ही घंटों के भीतर वीर दास को असली एप्पल वॉच डिलीवर कर दी। इसके साथ ही डिलीवर की गई नकली घड़ी को वापस ले लिया गया। वीर दास ने खुद अपडेट देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर आवाज उठाने के बाद ही उन्हें सही प्रोडक्ट मिला है।

डिलीवरी एजेंट पर नहीं होगी कोई कार्रवाई

वीर दास ने साफ किया कि इस पूरे मामले में डिलीवरी एजेंट (ड्राइवर) की कोई गलती नहीं थी। कंपनी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि वे इस गलती के लिए डिलीवरी पार्टनर पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। वीर दास के अनुसार, असली गड़बड़ी ब्रांड पार्टनर्स या पैकेजिंग के स्तर पर हुई है।

जेप्टो ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि वे ऐसी घटनाओं को बेहद गंभीरता से लेते हैं। कंपनी के अनुसार, महंगे प्रोडक्ट्स की डिलीवरी के समय ग्राहकों को एक सुरक्षित ओटीपी भेजा जाता है। ग्राहकों को पैकेज पूरी तरह सील और सही स्थिति में दिखने पर ही ओटीपी शेयर करना चाहिए।

Author: Manisha Thakur

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories